कोमल ग्वाला अमनपथ ब्यूरो चीफ जशपुर,बगीचा : दिल्ली में आयोजित ऐतिहासिक जनजातीय सांस्कृतिक समागम एवं डीलिस्टिंग आंदोलन की अभूतपूर्व सफलता के बाद जनजाति सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय संयोजक गणेश राम भगत के बगीचा आगमन पर समाजजनों ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। नगर में उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, मातृशक्ति, युवा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।इस अवसर पर समाजजनों ने पुष्पमालाओं, पारंपरिक वाद्ययंत्रों एवं जनजातीय रीति-रिवाजों के साथ गणेश राम भगत का आत्मीय स्वागत किया।

पूरे क्षेत्र में उत्साह और गौरव का वातावरण देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने दिल्ली में आयोजित जनजातीय महाकुंभ को जनजातीय समाज की एकता, संस्कृति, परंपरा और अस्मिता का ऐतिहासिक प्रदर्शन बताते हुए इसकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
समाजजनों ने कहा कि देशभर की सैकड़ों जनजातियों की भागीदारी से आयोजित इस महाआयोजन ने जनजातीय समाज की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती प्रदान की है। उन्होंने जनजातीय हितों, संस्कृति संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के लिए गणेश राम भगत के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान जनजातीय संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। स्वागत समारोह में उपस्थित लोगों ने जनजातीय समाज की एकता और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।दिल्ली की ऐतिहासिक सफलता के बाद बगीचा में हुआ यह स्वागत समारोह जनजातीय समाज के उत्साह, एकजुटता और गौरव का प्रतीक बन गया।



