एमसीबी : जिले के मनेन्द्रगढ़ सहित आसपास के कोयलांचल क्षेत्रों में लोहे की चोरी की घटनाओं को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोयला क्षेत्रों और औद्योगिक परिसरों से होने वाले लोहे की चोरी का एक बड़ा नेटवर्क मनेन्द्रगढ़ में सक्रिय है जिसका संचालन कथित रूप से एक जिलाबदर आरोपी द्वारा किया जा रहा है।बताया जा रहा है कि ग्राम चनवारीडाँड़ में स्थित एक गोदाम इस पूरे कबाड़ कारोबार का मुख्य केंद्र बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस गोदाम की जानकारी शहर के अधिकांश लोगों को है लेकिन कार्यवाही के नाम पर अब तक कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है। आरोप है कि चोरी का लोहा विभिन्न क्षेत्रों से एकत्र कर इसी गोदाम में पहुंचाया जाता है और बाद में उसे खपाने की व्यवस्था की जाती है।
क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि जिस व्यक्ति पर जिलाबदर की कार्यवाही हो चुकी है, वह खुलेआम कबाड़ के कारोबार को संचालित कर रहा है। ऐसे में कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही हैं तो यह गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिये।स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चनवारीडाँड़ स्थित कथित गोदाम की जांच कराई जाये और कबाड़ कारोबार और लोहे की चोरी के नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाये। फिलहाल इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन क्षेत्र में इसे लेकर चर्चा और नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।



