Home छत्तीसगढ़ खुड़िया रानी धाम के स्वर्णिम भविष्य की नींव, कलेक्टर रोहित व्यास ने...

खुड़िया रानी धाम के स्वर्णिम भविष्य की नींव, कलेक्टर रोहित व्यास ने तैयार किया विकास का रोडमैप

0

कोमल ग्वाला अमनपथ ब्यूरो चीफ जशपुर : बगीचा विकासखंड के ग्राम छिछली स्थित आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य के संगम खुड़िया रानी धाम को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। कलेक्टर रोहित व्यास ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र के समग्र विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए खुड़िया रानी सेवा समिति, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ बैठक कर व्यापक चर्चा की।

जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी सिंह ने बताया कि कलेक्टर रोहित व्यास की पहल पर खुड़िया रानी धाम के विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इसके तहत श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, सौंदर्यीकरण और पर्यटन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार इस क्षेत्र को एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।बैठक में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बिजली एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था, सड़क किनारे वृक्षारोपण, आकर्षक स्वागत द्वार, मार्केट शेड, पार्किंग, पर्याप्त शौचालय तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास की आवश्यकता बताई। सरहा पानी नाला और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव भी दिया गया।

कलेक्टर रोहित व्यास ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित कर स्व-सहायता समूहों के माध्यम से नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को स्थायी और प्रभावी बनाने के लिए यूजर चार्ज की व्यवस्था भी की जाए, जिससे क्षेत्र स्वच्छ, सुंदर और पर्यटकों के लिए आकर्षक बना रहे।

उल्लेखनीय है कि खुड़िया रानी मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए पूर्व में 25 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इस राशि से मार्केट शेड, चबूतरा और सीसी अप्रोच रोड का निर्माण कराया जाएगा।

बैठक के बाद कलेक्टर रोहित व्यास और जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी सिंह खुड़िया रानी सेवा समिति के अध्यक्ष चन्द्रदेव प्रकाश ग्वाला व सदस्य गण लगभग 450 सीढ़ियां उतरकर विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज की कुलदेवी खुड़िया रानी के दर्शन के लिए पहुंचे। सभी ने करीब 100 मीटर लंबी प्राकृतिक गुफा के भीतर जाकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। वर्षभर बहने वाली प्राकृतिक जलधारा और चारों ओर फैला हरा-भरा प्राकृतिक वातावरण इस स्थल को धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी विशेष महत्व प्रदान करता है।

बैठक में सरपंच मानमती बाई, खुड़िया रानी सेवा समिति के अध्यक्ष चन्द्रदेव प्रकाश ग्वाला पूर्व सरपंच धनुषधारी राम अशोक कुमार यादव ओमप्रकाश यादव लगन राम जयशंकर यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सेवा समिति के सदस्य और ग्रामीण उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here