कोरिया : कोरिया कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशानुसार जिला पंचायत कोरिया के मंथन कक्ष में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के तकनीकी सहायक, ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों ने भाग लिया।
जिला पंचायत कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार यह प्रशिक्षण आगामी 24 जून को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत आवास प्लस 2024 की स्थायी प्रतीक्षा सूची के सत्यापन एवं अनुमोदन की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संपादित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव द्वारा सभी ग्राम पंचायतों में 24 जून को आयोजित ग्राम सभाओं के माध्यम से आवास प्लस 2024 की स्थायी प्रतीक्षा सूची का सत्यापन एवं अनुमोदन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशिक्षण के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर सूची के सत्यापन, ग्राम सभा में प्रस्तुतिकरण, अनुमोदन तथा अभिलेखों के संधारण की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी गई। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के सभी बिंदुओं की चरणबद्ध जानकारी प्रतिभागियों को प्रदान की गई।
साथ ही राज्य कार्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप पीडब्ल्यूएल (परमानेंट वेट लिस्ट) सत्यापन, ग्राम सभा अनुमोदन एवं आवश्यक दस्तावेजों के संधारण संबंधी प्रावधानों से भी पंचायत अमले को अवगत कराया गया। प्रशिक्षण में पारदर्शिता एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पात्र हितग्राहियों के चयन पर विशेष दिशा-निर्देश दिया गया।



