Home छत्तीसगढ़ सिद्ध बाबा धाम की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं...

सिद्ध बाबा धाम की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

0

22 किलो की पीतल की घंटी की गई भेंट, पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुआ आयोजन

मनेन्द्रगढ़ : सिद्ध बाबा धाम में आयोजित तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को भगवान गणेश, भगवान कार्तिकेय, माता पार्वती, भगवान शिव, नंदी महाराज और ध्वजा की भव्य शोभायात्रा पूरे धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली गई। दोपहर में श्याम मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ हुई शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होते हुए सिद्ध बाबा धाम पहुंची जहां विधि-विधान के साथ देव प्रतिमाओं का स्वागत किया गया।शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की मधुर धुनों के बीच पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया। जगह-जगह श्रद्धालुओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया तथा जलपान की भी व्यवस्था की। महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी पूरे उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता निभाई।

इस दौरान नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी बंटी ताम्रकार और उनके परिवार ने अपनी श्रद्धा और आस्था का परिचय देते हुए 22 किलो वजनी पीतल की विशाल घंटी सिद्ध बाबा धाम को भेंट स्वरूप अर्पित की। श्रद्धालुओं ने इसे धर्म और संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। आयोजन को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिये पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देश पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले के नेतृत्व में पुलिस बल शोभायात्रा के साथ पूरे मार्ग पर तैनात रहा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

सिद्धबाबा धाम सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन का समापन शनिवार 27 जून को भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह के साथ होगा। इस अवसर पर वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई जायेगी जिसके बाद सभी श्रद्धालुओं के लिये महाप्रसाद वितरण किया जायेगा। समिति ने नगर और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here