अनूपपुर : जिले के भालूमाड़ा थाना अंतर्गत पुलिस चौकी फुनगा क्षेत्र के ग्राम पयारी नंबर-01 (मोहरटोला) निवासी 65 वर्षीय ललुआ चौधरी ने पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है की रात में गांव के पांच लोगों ने उनके घर में आग लगा दी। शिकायत में घटना की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की गई है।
शिकायत पत्र के अनुसार ललुआ चौधरी ने आरोप लगाया है कि सुरेश केवट, गोविंद केवट, सारथ केवट, जगदीश केवट तथा गोपाल केवट एकजुट होकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने लकड़ी के डंडे में कपड़ा बांधकर उसमें आग लगाई और जलते हुए कपड़े को मकान में फेंक दिया, जिससे घर में आग भड़क गई।
घटना के समय वह घर में सो रहे थे। शोर सुनकर उनकी पत्नी सुपेती बाई ने उन्हें जगाया। दोनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे, जिसके बाद आरोपित मौके से भाग गए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी है। आग लगने से घर में रखा पंखा, गद्दा, तकिया, कुर्सियां, कपड़े सहित अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद पुलिस चौकी फुनगा में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे, लेकिन उनकी शिकायत में आरोपियों के नाम दर्ज नहीं किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे बिना पूरी जानकारी पढ़ाए हस्ताक्षर करा लिए गए।पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने व न्याय दिलाने की मांग की है।



