एमसीबी : पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 18वीं विशेष भारत रक्षित वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, चैनपुर-मनेन्द्रगढ़ द्वारा एक प्रेरणादायी वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। 29 एवं 30 जून 2026 को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में वाहिनी के जवानों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन तेजस्वनी महिला मंडल, मारवाड़ी युवा संघ एवं ग्रीन वैली फाउंडेशन के सहयोग से किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जल संरक्षण पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। वाहिनी के जवानों ने जल संवर्धन के लिए बनाए गए स्टॉप डैम और तालाबों के किनारों पर फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर उन्हें संरक्षित करने का संकल्प लिया।
‘हरित मनेन्द्रगढ़’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अभियान के तहत लगभग 1000 पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ भूजल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को भी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर 18वीं विशेष भारत रक्षित वाहिनी के कमांडिंग ऑफिसर संजय शर्मा, सहायक सेनानी कुलचंद्र मिंज, सहायक सेनानी अविनाश अग्निहोत्री, कंपनी कमांडर आदेश कुमार दोहरे एवं पालेश्वर धृतलहरे उपस्थित रहे। वहीं तेजस्वनी महिला मंडल की श्रीमती अनीता फरसानिया, प्रिया विश्वकर्मा, ग्रीन वैली फाउंडेशन के संजय गायकवाड़, नरोत्तम शर्मा, मोतीलाल यादव सहित बड़ी संख्या में वाहिनी के जवान, उनके परिवारजन और सामाजिक कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।



