कोरिया/ – कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशन में जिले के दोनों जनपद पंचायतों में कार्यरत मैदानी टीम को विकसित भारत जीरामजी योजना के बेहतर क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षित किया गया। दो अलग-अलग दिवस में जनपद पंचायत मुख्यालय सोनहत और बैकुण्ठपुर में योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सम्हालने वाले तकनीकी सहायकों, ग्राम रोजगार सहायकों सहित अन्य कर्मचारियों को इस प्रशिक्षण में विस्तार से जानकारी प्रदान कर योजना के दिशा निर्देशों से अवगत कराया गया।
ज्यादा अवसर देगी वीबीजीरामजी
भारत सरकार ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधीन आगामी एक जुलाई 2026 से यह अधिनियम पूरे देश में लागू हो रहा है। मनरेगा से उन्नत होकर पूरे देश में अकुशल श्रम से संसाधनों के निर्माण के लिए उन्नत हो रही इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत हर ग्राम पंचायत में पंजीकृत जॉब कार्डधारी प्रत्येक श्रमिक परिवार को ’प्रतिवर्ष 125 दिवस के रोजगार’ की गारंटी दी जाएगी। विदित हो कि पहले मनरेगा के अंतर्गत एक परिवार को मात्र 100 दिवस रोजगार की गारंटी रखी गई थी। साथ ही इस योजना मे ंकार्य की मांग पर कार्य ना मिलने के एवज में मुआवजे का भी प्रावधान किया गया है।
चार मुख्य श्रेणियों में कार्य
दोनों जनपद पंचायतों में कुशल प्रशिक्षकों द्वारा टीम को योजना के अंतर्गत होने वाले कार्यों और उसके क्रियान्वयन पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। उल्लेखनीय है कि वीबी जीरामजी योजना के अंतर्गत मुख्यतः चार तरह के कार्यों को लिया गया है इनमें
1. जल संरक्षण एवं जल संवर्धन तालाब गहरीकरण, सोक पिट, चेक डैम निर्माण
2. आधारभूत संरचना विकास सड़क, पुलिया, आंगनबाड़ी, पंचायत भवन निर्माण
3. आजीविका संवर्धन पशुपालन, मत्स्य पालन, स्व-सहायता समूह को बढ़ावा
4. आपदा प्रबंधन बाढ़-सूखा से बचाव हेतु संरचनाएं, आपातकालीन योजना
प्रशिक्षण के विषय
जनपद स्तर पर दिए गए इन प्रशिक्षणों में कुशल प्रशिक्षकों ने बताया कि इस योजना के बेहद प्रभावी क्रियान्वयन में कई महत्वपूर्ण चरण होंगें जिनमें प्रत्येक जनपद में ग्राम पंचायत प्लानिंग कर विकसित ग्राम पंचायत की योजना कैसे बनाएं और कार्यों की प्राथमिकता कैसे तय करें, योजना के अनुसार ग्राम विकास हेतु कार्य प्रस्ताव की प्रक्रिया और कार्यों का प्रस्ताव भेजने की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही योजनांतर्गत श्रमिक हित में समय पर रोजगार उपलब्ध न होने पर ’बेरोजगारी भत्ता’ तथा मजदूरी भुगतान में विलंब होने पर ’मुआवजा’ दिए जाने के प्रावधान की जानकारी दी गई।
जिला स्तर पर तैयारी पूर्ण
जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशानुसार एक जुलाई से योजना के क्रियान्वयन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सिक्योर के माध्यम से आवश्यक कार्योें की स्वीकृति कर ग्राम पंचायतों में कार्य उपलब्ध कराए गए हैं। मांग के अनुसार कार्य प्रदाय करने हेतु पूरी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
ग्रामीण विकास के लिए नया अध्याय
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि ग्रामीण विकास की आवश्यकताओं के साथ प्रकृति के उत्थान के लिए कराए जाने वाले सैकड़ों कार्य वीबी जीरामजी के अनुमेय कार्यों की सूची में शामिल किए गए हैं। यह योजना ग्रामीण विकास को नई दिशा देने में कारगर होगी।



