पटना (कोरिया)/ थाना पटना क्षेत्र के ग्राम सावांरावां में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई द्वारा की गई मारपीट से बड़े भाई की मौत हो गई। मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को रामप्रकाश कुशवाहा ने ललित कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की सूचना थाना पटना में दी थी, जिस पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मृतक की पत्नी गुलाबी कुशवाहा, पिता सुभाषचंद, माता इन्द्रवती तथा अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए।
जांच में सामने आया कि मृतक ललित कुशवाहा और उसका छोटा भाई शारदा कुशवाहा शराब के आदी थे तथा घर और जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी। 23 जून 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे शारदा कुशवाहा ने ललित कुशवाहा के साथ हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट की थी। मारपीट में घायल ललित कुशवाहा की तबीयत बिगड़ने पर 24 जून को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल बैकुंठपुर रेफर कर दिया। उपचार के दौरान 25 जून 2026 की शाम लगभग 6:15 बजे उसकी मृत्यु हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मर्ग जांच में यह स्पष्ट होने पर कि मारपीट से आई चोटों के कारण उपचार के दौरान ललित कुशवाहा की मौत हुई, थाना पटना पुलिस ने आरोपी शारदा कुशवाहा (36 वर्ष), निवासी ग्राम सावांरावां, थाना पटना, जिला कोरिया के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 8 जुलाई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया



