Home छत्तीसगढ़ न्योता भोज में बच्चों संग बैठीं कलेक्टर….

न्योता भोज में बच्चों संग बैठीं कलेक्टर….

0

कोरिया:- प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना (मध्याह्न भोजन) के अंतर्गत गुरुवार को आकांक्षी विकासखंड बैकुंठपुर के शासकीय हाई स्कूल जामपानी में न्योता भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन किया। कलेक्टर श्रीमती यादव ने कहा कि न्योता भोजन का उद्देश्य विद्यालय और स्थानीय समुदाय के बीच मजबूत संबंध स्थापित करना है, जिससे विद्यालयों में सकारात्मक एवं प्रेरणादायी वातावरण का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि सामुदायिक सहभागिता से बच्चों को बेहतर शिक्षा और पोषण दोनों सुनिश्चित किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के स्मार्ट क्लास का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता के विकास के लिए शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए गणित एवं अंग्रेजी से जुड़े प्रश्न पूछे। कक्षा दूसरी के एक छात्र द्वारा 11 का पहाड़ा तथा कक्षा पांचवीं के छात्र द्वारा 24 का पहाड़ा सुनाने पर उन्हें पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया।

कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में विकसित किचन गार्डन की सराहना करते हुए शिक्षकों को बच्चों के पोषण को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक पौष्टिक सब्जियां लगाने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र गुप्ता ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि न्योता भोजन कार्यक्रम बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक है। उन्होंने कहा कि यह पहल बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार के साथ-साथ विद्यालय, पालकों, शिक्षकों और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर समन्वय एवं सहभागिता को भी सुदृढ़ बनाती है।

ग्राम पंचायत जामपानी के सरपंच श्री अम्मे लाल ने कहा कि न्योता भोजन जैसी पहल समाज और विद्यालय के बीच सहयोग, विश्वास एवं आत्मीयता को मजबूत करती है तथा बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here