
खड़गवां/एमसीबी: एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) पोड़ीडीह, विकासखंड खड़गवां, जिला एमसीबी में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर में 100 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुश्री अंकिता मरकाम, सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, एमसीबी रहीं। उनके साथ कोरबा से आए विभागीय अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, एनसीसी अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर अभियान को सफल बनाया।
मुख्य अतिथि सुश्री अंकिता मरकाम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और जलवायु संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान एवं जिम्मेदारी का प्रतीक है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों को पौधों की नियमित देखभाल करने तथा हरित पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने लगाए गए सभी पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ लेकर कार्यक्रम का समापन किया।



