Home छत्तीसगढ़ नक्सलवाद का महिमामंडन शहीदों का अपमान, कांग्रेस स्पष्ट करे अपना रुख :...

नक्सलवाद का महिमामंडन शहीदों का अपमान, कांग्रेस स्पष्ट करे अपना रुख : प्रतिमा यादव

0

मनेन्द्रगढ़ : नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव ने कांग्रेस के एक विधायक द्वारा नक्सली कमांडर हिड़मा को लेकर दिए गए कथित बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद का किसी भी रूप में महिमामंडन शहीद जवानों का अपमान है और वर्षों तक नक्सली हिंसा झेलने वाले आदिवासी परिवारों की पीड़ा को अनदेखा करने जैसा है।

प्रतिमा यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता नक्सलवाद की भयावहता से भली-भांति परिचित है। नक्सलियों ने अनेक जवानों, पुलिसकर्मियों और निर्दोष नागरिकों की जान ली है तथा विकास कार्यों में लगातार बाधाएं उत्पन्न की हैं। ऐसे में किसी जनप्रतिनिधि द्वारा नक्सली नेतृत्व को सकारात्मक रूप में प्रस्तुत करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शुरू से ही नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर नीति की पक्षधर रही है। केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से बस्तर सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है तथा सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है, जिससे नक्सलवाद का प्रभाव लगातार कमजोर पड़ रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कांग्रेस से इस मामले पर अपना स्पष्ट रुख सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि यदि संबंधित विधायक का बयान उनकी व्यक्तिगत राय है, तो पार्टी नेतृत्व को इस पर उचित कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और आतंक का समर्थन किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।

प्रतिमा यादव ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता उन वीर जवानों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकती, जिन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में अपने प्राण न्यौछावर किए हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए नक्सलवाद और हिंसा के विरुद्ध एकजुट होकर खड़े होने का आह्वान किया तथा विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ शीघ्र ही नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त होकर विकास और शांति के नए दौर में प्रवेश करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here