Home छत्तीसगढ़ अमलीपदर में गूंजा ‘बोल कालिया’ का जयघोष, धूमधाम से निकली प्रभु श्री...

अमलीपदर में गूंजा ‘बोल कालिया’ का जयघोष, धूमधाम से निकली प्रभु श्री जगन्नाथ जी की बाहुड़ा यात्रा

0

गरियाबंद:- अमलीपदर में भगवान श्री जगन्नाथ जी की पावन बाहुड़ा यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से संपन्न हुई। अपने मौसी घर गुंडीचा मंदिर से भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन माता सुभद्रा भव्य रथ पर आरूढ़ होकर अपने निज धाम श्रीमंदिर के लिए प्रस्थान किए। इस दौरान पूरे नगर में “बोल कालिया” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

राष्ट्रीय कथा वाचक युवराज पांडेय के गरिमामयी नेतृत्व एवं सान्निध्य में आयोजित इस भव्य धार्मिक महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने प्रभु के दर्शन कर पुष्पवर्षा की तथा भजन-कीर्तन और संकीर्तन के साथ यात्रा में शामिल होकर भक्ति का अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया।

बाहुड़ा यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में निकली। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते रहे और “जय जगन्नाथ” तथा “बोल कालिया” के जयघोष से नगर गुंजायमान रहा। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ की गई थीं, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु उपस्थित रहे। बाहुड़ा यात्रा ने अमलीपदर में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रेरणादायी संदेश दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here