Home छत्तीसगढ़ हाईस्कूल नागपुर में पुलिस का यातायात जागरूकता अभियान

हाईस्कूल नागपुर में पुलिस का यातायात जागरूकता अभियान

0

नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने की दी समझाइश, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने दिलाया संकल्प

नागपुर/एमसीबी। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हाईस्कूल नागपुर में पुलिस सहायता केंद्र नागपुर द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी पोड़ी ओमप्रकाश दुबे के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पुलिस सहायता केंद्र नागपुर के प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक शेष नारायण सिंह ने किया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तेज रफ्तार, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाना, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग करना तथा यातायात नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन कर अधिकांश दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

इस दौरान विद्यार्थियों को विशेष रूप से समझाइश दी गई कि 18 वर्ष की आयु पूरी किए बिना और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन चलाना कानूनन अपराध है। कम उम्र में वाहन चलाना स्वयं और दूसरों के जीवन के लिए खतरा बन सकता है। छात्रों से अपने माता-पिता से वाहन चलाने की जिद नहीं करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेने की अपील की गई।

पुलिस ने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने के लिए न दें। अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई अभिभावक नाबालिग को वाहन चलाने की अनुमति देता है तो दुर्घटना की स्थिति में मोटर वाहन अधिनियम के तहत उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जा सकती है।

कार्यक्रम में हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने, ओवरलोडिंग से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा पैदल यात्रियों का सम्मान करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।

विद्यालय परिवार ने पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी और कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here