45 से अधिक शिवभक्त बाबा बैद्यनाथ धाम में करेंगे जलाभिषेक, देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की करेंगे प्रार्थना
मनेन्द्रगढ़। सावन मास की पावन बेला में भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा और भक्ति का अनुपम दृश्य शुक्रवार को मनेन्द्रगढ़ में देखने को मिला। लेट लतीफ काँवर संघ, बिजुरी-कोतमा-मनेन्द्रगढ़ के 45 से अधिक शिवभक्त पवित्र काँवर यात्रा पर झारखंड स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए रवाना हुए। “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “बाबा एक सहारा है” के गगनभेदी जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा और श्रद्धा का वातावरण निर्मित हो गया।
यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर यात्रा की सफलता, सभी शिवभक्तों की सकुशल यात्रा तथा मंगलमय वापसी की प्रार्थना की। इस अवसर पर परिजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने पुष्पमालाओं से काँवरियों का स्वागत कर शुभकामनाएं दीं और उन्हें उत्साहपूर्वक विदा किया।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि लेट लतीफ काँवर संघ पिछले 25 वर्षों से लगातार बाबा बैद्यनाथ धाम की काँवर यात्रा करता आ रहा है। यह यात्रा क्षेत्र की धार्मिक परंपरा और सामूहिक आस्था का प्रतीक बन चुकी है। हर वर्ष सावन मास में संघ के सदस्य पूरी निष्ठा, अनुशासन और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए बाबा धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में शिवभक्त पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ इस पावन यात्रा में शामिल हुए हैं।
श्रद्धालुओं ने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न पड़ावों पर विश्राम करते हुए भजन-कीर्तन, शिव आराधना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। उनका कहना है कि काँवर यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, भाईचारे, समर्पण और सनातन संस्कृति के संरक्षण का भी संदेश देती है।
बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे तथा देश, प्रदेश, समाज और समस्त मानवता की सुख-शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना करेंगे। सावन मास में निकली इस भव्य धार्मिक यात्रा को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और शिवभक्ति की अनुपम छटा हर ओर देखने को मिल रही है।



