कोरिया : कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव की पहल “Beyond The Classroom” के तहत बैकुंठपुर स्थित AISECT कॉलेज में कैरियर मार्गदर्शन एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और बेहतर कैरियर की जानकारी देना है।
कार्यक्रम में जिला आबकारी अधिकारी रमेश अग्रवाल और श्रम अधिकारी सुश्री तनुजा माझी ने अपने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी और साक्षात्कार के अनुभव विद्यार्थियों से साझा किए। उन्होंने बताया कि सही योजना, नियमित पढ़ाई, समय का सही उपयोग और आत्मविश्वास सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर हाल ही में चयनित आबकारी उप निरीक्षक अभिषेक कमल और सूरज के साथ आरक्षक महबूब आलम एवं परवीन यादव ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी जनमन पत्रिका और सुशासन संकल्प का वितरण किया।
विद्यार्थियों की तैयारी को परखने के लिए UPSC, CGPSC, व्यापम, बैंकिंग सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के स्तर पर आधारित 100 प्रश्नों की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई। परीक्षा OMR शीट पर कराई गई, जिससे विद्यार्थियों को वास्तविक परीक्षा जैसा अनुभव मिला।
प्रतियोगिता में उर्मिला टोप्पो ने प्रथम, वर्षा यादव ने द्वितीय, पूर्णिमा राजवाड़े ने तृतीय, रितेश कुमार ने चतुर्थ और अनीक सिंह ने पंचम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की तैयारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और लगातार प्रयास से हर विद्यार्थी अपने सपनों को पूरा कर सकता है।
कार्यक्रम में बैकुंठपुर के युवा गायक सचिन गुप्ता ‘डिम्मी’ ने देशभक्ति और प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किए, जिनका विद्यार्थियों ने खूब आनंद लिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए। अंत में नीलेश सोनी, प्रशांत राजवाड़े और अरविंद मिश्रा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने ऐसे कार्यक्रमों को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इनके आयोजन की अपेक्षा जताई।



