मनेंद्रगढ़ : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा आयोजित “10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” के अंतर्गत ब्रह्माकुमारीज मनेंद्रगढ़ द्वारा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में आज दिनांक 11.08.26 को विभिन्न विद्यालयों में नशा मुक्ति प्रतिज्ञा अभियान का आयोजन किया गया। जिनमें केंद्रीय विद्यालय, झगड़खांड, एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल झगड़खांड, शासकीय हाइस्कूल झगड़ाखांड, स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय मनेंद्रगढ़ में विभिन्न कार्यक्रम हुए। कार्यक्रम में संस्था से ब्रह्माकुमारी माधुरी ब्रह्माकुमारी अनिता के साथ झगड़ाखांड थाने के थाना प्रभारी माननीय भ्राता वासुदेव परगनिया जी भी उपस्थित रहे।इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थितजनों ने नशे के दुष्प्रभावों को समझते हुए नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे की आदत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार की खुशहाली, शिक्षा, आर्थिक स्थिति एवं सामाजिक वातावरण पर भी विपरीत प्रभाव डालती है। विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
“नशा छोड़ें, जीवन संवारें—स्वस्थ युवा, सशक्त समाज बनाएं” के संदेश के साथ विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह से नशा मुक्ति प्रतिज्ञा में भाग लिया।इस अभियान का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक एवं संस्कारवान जीवन की ओर प्रेरित करना रहा।
अभियान का संदेश
“नशामुक्त युवा—स्वस्थ समाज की पहचान”



