
पद्मश्री अनुज शर्मा ने किया ध्वजारोहण, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
खरोरा : पीएम श्री भरत देवांगन शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी/अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, खरोरा में देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि पद्मश्री अनुज शर्मा, विधायक धरसीवा विधानसभा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर राष्ट्रगान के साथ पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अरविंद देवांगन ने की। समारोह में अति विशिष्ट अतिथि सुनीता अनिल सोनी, अध्यक्ष नगर पंचायत खरोरा, तथा विशिष्ट अतिथि सोना वर्मा, अध्यक्ष भाजपा खरोरा मंडल, संतोष गांगुली (कथावाचक) एवं धनंजय शर्मा, बालाजी दरबार खरोरा महाराज थे।
मार्च पास्ट ने बढ़ाया समारोह का गौरव
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यालय के एनएसएस, स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर एवं अन्य दलों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। अनुशासित कदमताल के साथ विद्यार्थियों ने मुख्य अतिथि एवं समस्त विशिष्ट अतिथियों को सलामी दी। मार्च पास्ट ने उपस्थित जनसमुदाय में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल कर दिया।
पद्मश्री अनुज शर्मा ने दिया ‘अनेकता में एकता’ का संदेश
मुख्य अतिथि पद्मश्री अनुज शर्मा ने अपने विस्तृत उद्बोधन में स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों एवं शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी अनेकता में एकता है। अलग-अलग भाषा, संस्कृति, वेशभूषा और परंपराओं के बावजूद हम सभी भारतीय एक राष्ट्र और एक तिरंगे के नीचे एकजुट हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के भारत के निर्माता हैं। मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच के साथ विद्यार्थी अपने परिवार, विद्यालय, समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
अनुज शर्मा ने घोषणा की कि धरसीवा विधानसभा क्षेत्र की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं अध्ययन से संबंधित आवश्यक खर्च वे स्वयं वहन करेंगे। उन्होंने विद्यालय के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम पर भी विशेष प्रोत्साहन की घोषणा करते हुए कहा कि यदि विद्यालय का परिणाम 100 प्रतिशत रहता है, तो विद्यालय के प्राचार्य को ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
साथ की सत्र 2025-26 में छत्तीसगढ़ के प्रावीण्य सूची में पांचवें स्थाप्राप्त किए छात्रा हेमलता साहू पिता भेखलाल साहू निवासी नहरडीह का अध्ययन अध्यापन का समस्त खर्च माननीय पद्मश्री अनुज शर्मा जी द्वारा की जा रही है।
अतिथियों ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अरविंद देवांगन ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
विशिष्ट अतिथि संतोष गांगुली, धनंजय शर्मा, ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा, संस्कार एवं अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यालय किसी भी समाज के विकास की आधारशिला होता है और विद्यार्थियों की सफलता से पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ता है।
संस्कृति एवं कला कक्ष तथा अटल टिंकरिंग लैब का लोकार्पण
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि पद्म श्री अनुज शर्मा विधायक धरसीवां एवं अतिथियों द्वारा विद्यालय में संस्कृति एवं कला कक्ष तथा अटल टिंकरिंग लैब का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। इन सुविधाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को रचनात्मकता, नवाचार, वैज्ञानिक सोच, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को विकसित करने का अवसर मिलेगा।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम में विद्यालय की कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि पद्मश्री अनुज शर्मा एवं समस्त अतिथियों के करकमलों से मेडल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, देशभक्ति नृत्य, भाषण एवं विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर समां बांध दिया। विद्यार्थियों की जोशीली प्रस्तुतियों ने उपस्थित नागरिकों, अभिभावकों एवं विद्यालयीन स्टाफ में देशभक्ति की भावना का संचार किया। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंजता रहा।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान एवं पुरस्कार वितरण
विद्यालय में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न दानदाताओं एवं शिक्षाविदों द्वारा स्मृति पुरस्कार प्रदान कर मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
ईश्वरी प्रसाद देवांगन द्वारा अपनी माता स्वर्गीय कांति देवी की स्मृति में कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थी को ₹1,500 तथा कक्षा 10वीं में प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थी को ₹1,100 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इसी प्रकार रश्मि वर्मा, पति स्वर्गीय हेमलाल वर्मा द्वारा उनकी स्मृति में कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को ₹1,100 की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सेवानिवृत्त व्याख्याता हरीश देवांगन द्वारा अपने स्वर्गीय पिता श्री एस.एल. देवांगन की स्मृति में कक्षा 9वीं से 11वीं तक प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को ₹1,100 तथा कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थी को ₹2,100 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
वहीं जितेंद्र पटेल द्वारा कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थी को ₹501 की पुरस्कार राशि के साथ मेडल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
स्वागत भाषण शाला प्राचार्य रजनी मिंज द्वारा, एवं आभार प्रकट सेवानिवृत व्याख्याता डोमार सिंह यादव द्वारा किया ।
कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं विद्यालय का समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा। स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उमंग, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



