चिरमिरी-बिलासपुर रेल सेवा में 2AC कोच जोड़ने, नई मेमू ट्रेन चलाने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं
एमसीबी : छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज जिला एमसीबी के पदाधिकारियों एवं जिले के व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेल मंडल प्रबंधक राकेश रंजन से मुलाकात कर क्षेत्र की रेलवे संबंधी समस्याओं एवं यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने जिले के व्यापारिक एवं आम नागरिकों की आवश्यकताओं को देखते हुए रेल सेवाओं के विस्तार तथा स्टेशन सुविधाओं में सुधार की मांग प्रमुखता से रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि चिरमिरी-बिलासपुर ट्रेन में चेंबर की मांग पर 3AC कोच लगाया गया है, लेकिन यह कोच हमेशा फुल रहता है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इसमें एक अतिरिक्त 2AC कोच भी लगाए जाने की आवश्यकता है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
चिरमिरी-बिलासपुर ट्रेन को गोंदिया तक बढ़ाने की मांग
चेंबर ने चिरमिरी-बिलासपुर ट्रेन का विस्तार गोंदिया तक किए जाने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि इस ट्रेन को गोंदिया तक बढ़ाए जाने से एमसीबी जिले सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों को आगे की रेल कनेक्टिविटी मिलेगी और राजधानी क्षेत्र तक आवागमन में भी सुविधा होगी।
चिरमिरी-रीवा ट्रेन प्रतिदिन चलाने की मांग
व्यापारियों ने चिरमिरी-रीवा ट्रेन को सातों दिन संचालित करने की मांग भी रखी। वर्तमान में यात्रियों की आवश्यकता को देखते हुए इस रेल सेवा को प्रतिदिन चलाए जाने से क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ मिलने की बात प्रतिनिधिमंडल ने कही।
शहडोल-नागपुर ट्रेन को चिरमिरी तक विस्तार देने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने शहडोल-नागपुर रेल सेवा का विस्तार चिरमिरी तक किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। व्यापारियों का कहना है कि इससे एमसीबी जिले को महाराष्ट्र सहित अन्य क्षेत्रों से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
चिरमिरी-बिलासपुर के बीच नई मेमू ट्रेन की मांग
क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को देखते हुए चेंबर ने चिरमिरी से बिलासपुर के बीच एक नई मेमू ट्रेन संचालित करने का प्रस्ताव रखा। मांग के अनुसार यह ट्रेन सुबह 5 बजे चिरमिरी से रवाना होकर 11 बजे बिलासपुर पहुंचे तथा दोपहर 12 बजे बिलासपुर से रवाना होकर शाम 6 बजे चिरमिरी पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि इस समय-सारणी से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं अन्य दैनिक यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।
स्टेशन परिसर की साफ-सफाई पर भी ध्यान आकर्षित कराया
रेल सेवाओं के विस्तार के साथ प्रतिनिधिमंडल ने चिरमिरी सहित संबंधित रेलवे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म एवं स्टेशन परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था पर भी रेल मंडल प्रबंधक का ध्यान आकर्षित कराया। यात्रियों के लिए स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग की गई।
रेल मंडल प्रबंधक से मुलाकात के दौरान चेंबर प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की रेलवे संबंधी आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की तथा मांगों पर सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई।
प्रतिनिधिमंडल में मनोहर लाल खोडियार, जयचंद बोथरा, गणेश सोनी, संजय केसरवानी, संजीव ताम्रकार, विनय अग्रवाल, प्रदीप जैन, राजेश अग्रवाल, सौरभ ताम्रकार, सुमित अग्रवाल, जसविंदर सिंह खनूजा, मोहन छत्तानी, प्रमोद बंसल, राकेश मेघानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं चेंबर पदाधिकारी उपस्थित रहे।
चेंबर की इन मांगों से क्षेत्रवासियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।




