Home छत्तीसगढ़ खैरागढ़ में रफ्तार का कहर: बाइक को टक्कर मार 500 मीटर तक...

खैरागढ़ में रफ्तार का कहर: बाइक को टक्कर मार 500 मीटर तक घसीटती रही कार, दो युवक गंभीर

0

खैरागढ़ :  छुईखदान थाना क्षेत्र के जोरातराई रोड पर रविवार रात तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला। धमधा से लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को सामने से आ रही तेज रफ्तार सफेद कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कार में फंस गई और कार उसे करीब 500 मीटर तक घसीटती चली गई।हादसे में बाइक सवार हुलास साहू और योगेश साहू, निवासी मदनपुर, खैरागढ़, गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

टक्कर के बाद भी नहीं रुकी कार

जानकारी के अनुसार दोनों युवक रविवार रात बाइक से धमधा की ओर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जोरातराई रोड के पास सामने से आ रही सफेद कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद बाइक कार में फंस गई और कार चालक वाहन रोकने के बजाय बाइक को करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

दोनों की हालत गंभीर, एक की हालत नाजुक

घायलों को तत्काल धमधा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को भिलाई रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि घायलों में से एक की हालत नाजुक बनी हुई है।

परिजनों की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ केस

घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन छुईखदान थाने पहुंचे और कार चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है।

छुईखदान थाना प्रभारी बिलकिस बानो के अनुसार, घायलों के परिजनों की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और कार चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here