कोमल ग्वाला अमनपथ ब्यूरो चीफ जशपुर :अंतिम सावन सोमवार के पावन अवसर पर कैलाश गुफा धाम में लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सुबह से ही शिवभक्तों की लंबी कतारें दर्शन एवं पूजन के लिए लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, पवित्र नदियों के जल, बेलपत्र, धतूरा एवं पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया। पूरे क्षेत्र में “हर-हर महादेव”, “बोल बम” एवं “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष गूंजते रहे।श्री कोट आश्रम (जिला बलरामपुर), गहीरा आश्रम (जिला रायगढ़), रामगढ़ धाम तथा सारासोर सहित विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में कांवरिया एवं श्रद्धालु पवित्र जल लेकर कैलाश गुफा पहुंचे। कई दिनों की कठिन पदयात्रा पूर्ण कर शिवभक्तों ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा एवं विश्राम की व्यवस्था की गई।
कैलाश गुफा धाम में दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि तथा कल्याण की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की। रात्रि भर भजन-कीर्तन, शिव महिमा का गुणगान एवं “ॐ नमः शिवाय” मंत्र जाप से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
उल्लेखनीय है कि सावन माह के अंतिम सोमवार को लेकर पूरे क्षेत्र में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्री कोट आश्रम, गहीरा आश्रम, रामगढ़ धाम, सारासोर एवं आसपास के अनेक क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने कैलाश गुफा में जलाभिषेक कर अपनी अटूट आस्था का परिचय दिया। लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से कैलाश गुफा धाम शिवभक्ति और सनातन संस्कृति का भव्य केंद्र बन गया।





