मनेन्द्रगढ़/केल्हारी। शिक्षक दिवस के अवसर पर पुलिस द्वारा विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष साइबर जागृति अभियान चलाया गया। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देश तथा थाना केल्हारी प्रभारी मनीष धुर्वे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर शिक्षकों और विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
अभियान के दौरान उपनिरीक्षक टिकेश्वर यादव, सहायक उपनिरीक्षक बंधुराम और महिला आरक्षक देवीवती ने केल्हारी आत्मानंद हाई स्कूल, ग्राम चरवाही स्थित मिडिल एवं हाई स्कूल, ग्राम पसोरी हाई स्कूल और ग्राम घाघरा के मिडिल और हाई स्कूल में पहुंचकर शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया।
पुलिस टीम ने बताया कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन, इंटरनेट, सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल लेनदेन का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है।
इसके साथ ही साइबर ठगी के नये नये तरीके भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में थोड़ी सी सतर्कता बरतकर साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। पुलिस ने लोगों से अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गये लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध कॉल या मैसेज पर व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने और किसी भी स्थिति में अपना ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की।पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी साथ ही फर्जी इनाम, लॉटरी, नौकरी, केवाईसी अपडेट, बैंक खाता बंद होने तथा अन्य तरह के झांसे देकर की जाने वाली ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की समझाइश दी गई। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा संबंधित साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करने की जानकारी भी दी गई।
क्यूआर कोड से जागरूकता फैलाने की अपील
साइबर जागृति अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिये पुलिस टीम ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को अभियान से संबंधित क्यूआर कोड के माध्यम से सेल्फी लेकर उसका प्रचार प्रसार करने के लिये भी प्रेरित किया। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिये केवल स्वयं जागरूक होना पर्याप्त नहीं है बल्कि अपने परिवार, मित्रों, पड़ोसियों और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करना जरूरी है।
पुलिस टीम ने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यालयों में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति नियमित रूप से जागरूक करें और उन्हें इंटरनेट तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने के लिये प्रेरित करें। शिक्षकों ने भी पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए साइबर जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। केल्हारी क्षेत्र में शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित यह अभियान शिक्षा और सुरक्षा के बीच बेहतर समन्वय का संदेश लेकर सामने आया। पुलिस का उद्देश्य साइबर अपराधों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ एक ऐसा सुरक्षित डिजिटल वातावरण तैयार करना है जिसमें बच्चे, युवा, शिक्षक और आम नागरिक साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराधों से स्वयं को सुरक्षित रख सकें।




