Home छत्तीसगढ़ सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान से स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई रफ्तार

सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान से स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई रफ्तार

0

 

खड़गवां में 1214 मरीजों ने उठाया विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ, 7 सितंबर को केल्हारी में लगेगा वृहद स्वास्थ्य शिविर; विशेषज्ञ चिकित्सकों की लगाई गई ड्यूटी

एमसीबी :  जिले में आम नागरिकों तक बेहतर और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान 2026” के तहत स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इसी कड़ी में 5 सितंबर 2026 को विकासखंड खड़गवां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां के प्रांगण में वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया।शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ विभागों के चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं देते हुए बड़ी संख्या में मरीजों की जांच की तथा आवश्यकतानुसार उन्हें उपचार एवं औषधियां उपलब्ध कराई गईं। एक ही स्थान पर करीब 12 प्रकार की विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों तक पहुंचने का अवसर मिला।

1214 मरीजों को मिला उपचार
खड़गवां में आयोजित शिविर में कुल 1214 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। विभागवार आंकड़ों के अनुसार आयुष विभाग में 135 मरीज, शिशु रोग विभाग में 75 बच्चे, दंत रोग विभाग में 28, फिजियोथैरेपी में 13, चर्म रोग विभाग में 33, हड्डी रोग विभाग में सर्वाधिक 230 मरीज, नेत्र रोग विभाग में 105, नाक-कान-गला रोग विभाग में 31 तथा स्त्री रोग विभाग में 163 मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया।
इसके अलावा 96 लोगों का एक्स-रे, मेडिसिन विभाग में 255 मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया गया। शिविर के दौरान 50 लोगों की आभा आईडी भी बनाई गई। लिंगवार आंकड़ों की बात करें तो शिविर में 728 पुरुष और 486 महिलाओं ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

7 सितंबर को केल्हारी में लगेगा स्वास्थ्य शिविर
अभियान के अगले चरण में 7 सितंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी में वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी संबंधित चिकित्सकों को सुबह 9 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी में उपस्थित होकर स्वास्थ्य शिविर में सेवाएं देने के निर्देश दिए गए हैं।केल्हारी शिविर में मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. राकेश कुमार सिंह, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. शौमय शरण सिंह, पीजीएमओ (OBGY) डॉ. अभया गुप्ता, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल मेहता, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. इंतजार ओरेके, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. आलोक सिदार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. भाभिता साहू सहित अन्य चिकित्सा अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। इसके अलावा चिकित्सा अधिकारी डॉ. रिफा रहमान, डॉ. सुष्मिता तिरंगा, डॉ. मंसूर आलम एवं डॉ. हितेश गुप्ता, दंत चिकित्सक डॉ. देवप्रताप, फिजियोथैरेपिस्ट विक्की उर्फ टेप्पो तथा नेत्र सहायक अधिकारी आर.डी. दीवान भी शिविर में सेवाएं देंगे।

अधिकारियों की रही निगरानी
खड़गवां शिविर में जिला स्वास्थ्य विभाग के मुखिया एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री शिशिर जायसवाल, खड़गवां के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष प्रताप सिंह, जिला अस्पताल के सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेंद्र रॉय, 220 बिस्तर अस्पताल के अस्पताल सह अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक राज कुमार राजवाड़े, सेवा संकल्प अभियान 2026 के सहायक नोडल सुलेमान खान सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविरों के सफल आयोजन के लिए चिकित्सकों, आवश्यक उपकरणों, जांच सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। अभियान का उद्देश्य “हर गांव–हर घर–हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं” पहुंचाना है, ताकि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से दूर न जाना पड़े।

सीएमएचओ ने की आम नागरिकों से अपील
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी क्षेत्र में आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। विशेष रूप से ऐसे मरीज, जिन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, जांच अथवा उपचार की आवश्यकता है, वे निर्धारित तिथि एवं समय पर शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं का लाभ लें।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाकर लोगों को समय पर जांच, उपचार, दवाएं और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here