रायपुर : छत्तीसगढ़ में डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) के प्रभावी क्रियान्वयन में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। प्रदेश स्तरीय रिपोर्ट के अनुसार जिले ने 87 प्रतिशत प्रगति के साथ डिजिटल क्रॉप सर्वे में प्रदेश के शीर्ष जिलों में अपनी जगह बनाई है। वहीं खैरागढ़ 86 प्रतिशत के साथ दूसरे और कोरिया 81 प्रतिशत प्रगति के साथ तीसरे स्थान पर है।
जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे को प्रशासन की प्राथमिकता में रखते हुए मैदानी स्तर पर लगातार निगरानी और मॉनिटरिंग की जा रही है। इसका असर जिले की तहसीलवार प्रगति में भी साफ दिखाई दे रहा है।
47 हजार से ज्यादा प्लॉटों का सर्वे पूरा
6 सितंबर 2026 को शाम 4:30 बजे तक की तहसीलवार रिपोर्ट के मुताबिक सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कुल 53,524 प्लॉटों के लक्ष्य के मुकाबले 47,350 प्लॉटों का सर्वे पूरा किया जा चुका है। यह कुल 88.45 प्रतिशत की प्रगति है।
इसके अलावा जिले में 35,476 सर्वे का अनुमोदन भी किया जा चुका है। अनुमोदन की प्रगति 74.93 प्रतिशत दर्ज की गई है।
तहसीलों में भी तेजी से हो रहा सर्वे
जिले की सभी छह तहसीलों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम तेजी से चल रहा है। सारसींवा तहसील ने सर्वे कार्य में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। यहां कुल 8,187 प्लॉटों में से 7,653 प्लॉटों का सर्वे पूरा हो चुका है, जो 93.27 प्रतिशत है। इनमें से 5,348 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं।
भटगांव तहसील में 6,235 प्लॉटों में से 5,847 प्लॉटों का सर्वे पूरा किया गया है। यहां सर्वे की प्रगति 93.15 प्रतिशत है और 3,748 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं।
जिले की प्रमुख तहसीलों में शामिल सारंगढ़ तहसील में कुल 16,134 प्लॉटों के मुकाबले 14,032 प्लॉटों का सर्वे पूरा हुआ है। यहां 88.60 प्रतिशत सर्वे कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं 12,061 सर्वे अनुमोदित किए गए हैं, जिससे अनुमोदन की प्रगति 84.36 प्रतिशत है।
इसी तरह सारिया तहसील में 5,491 प्लॉटों में से 4,647 प्लॉटों का सर्वे पूरा किया गया है। यहां सर्वे की प्रगति 86.64 प्रतिशत पहुंच गई है और 3,258 सर्वे अनुमोदित हो चुके हैं।
बिलाईगढ़ तहसील में 7,876 प्लॉटों में से 6,745 प्लॉटों का सर्वे पूरा हो चुका है। यहां 85.49 प्रतिशत सर्वे कार्य पूरा किया गया है और 5,132 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं।
वहीं बरमकेला तहसील में कुल 9,626 प्लॉटों में से 8,136 प्लॉटों का सर्वे पूरा हुआ है। यहां सर्वे की प्रगति 84.49 प्रतिशत है और 5,910 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं।
शत-प्रतिशत लक्ष्य तक जारी रहेगी मॉनिटरिंग
डिजिटल क्रॉप सर्वे में जिले की इस उपलब्धि के बाद कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और तहसीलदारों को सर्वे कार्य में इसी गति और गंभीरता को बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों को लंबित प्लॉटों के सर्वे में तेजी लाने, नियमित समीक्षा करने और मैदानी अमले के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे का शत-प्रतिशत कार्य पूरा करना है।
जिला प्रशासन प्रदेश में हासिल किए गए प्रथम स्थान को बनाए रखने के साथ-साथ शेष सर्वे कार्य को जल्द पूरा करने पर जोर दे रहा है। यदि इसी रफ्तार से काम जारी रहा तो सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की डिजिटल क्रॉप सर्वे में उपलब्धि और मजबूत होने की उम्मीद है।




