अनीता गर्ग अमन पथ ब्यूरो रायगढ़/धरमजयगढ़/हाटी : राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा (25 अगस्त से 08 सितम्बर 2025) के तहत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय हाटी, विकासखण्ड धरमजयगढ़, जिला रायगढ़ में नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल जगत के मार्गदर्शन, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गजानंद राठिया के मार्गदर्शन एवं नोडल अधिकारी अंधत्व निवारण रायगढ़ डॉ. मीना पटेल के दिशा-निर्देश में संपन्न हुआ।
शिविर में नेत्र चिकित्सा सहायक अधिकारी सी.एल. खण्डेल ने छात्र-छात्राओं को नेत्रदान के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश में नेत्रदान की कमी के कारण लाखों लोग दृष्टिहीन जीवन जीने को मजबूर हैं। एक व्यक्ति के नेत्रदान से दो कॉर्निया दृष्टिहीन लोगों के जीवन में रोशनी ला सकती है। नेत्रदान मृत्यु के 6 घंटे के भीतर किया जाना चाहिए।
शिविर के दौरान विद्यालय के 371 बच्चों का नेत्र परीक्षण किया गया, जिसमें दृष्टिदोष पाए गए 15 बच्चों को निशुल्क चश्मा वितरित करने के लिए चिन्हांकित किया गया। आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय हाटी के समस्त शिक्षक गण उपस्थित रहे।




