Home छत्तीसगढ़ डोंगरगढ़ में दर्दनाक हादसा: मां बम्लेश्वरी मंदिर की सीढ़ियों पर 67 वर्षीय...

डोंगरगढ़ में दर्दनाक हादसा: मां बम्लेश्वरी मंदिर की सीढ़ियों पर 67 वर्षीय महिला की मौत

0

डोंगरगढ़ : मां बम्लेश्वरी के दर्शन की इच्छा लेकर महाराष्ट्र से डोंगरगढ़ पहुंची 67 वर्षीय महिला की मंदिर की सीढ़ियां चढ़ते समय अचानक तबीयत बिगड़ गई। दादी माता मंदिर के पास सीने में दर्द की शिकायत के बाद महिला वहीं बैठ गईं। परिजनों ने तत्काल मंदिर ट्रस्ट को सूचना दी। ट्रस्ट की टीम ने महिला को रोपवे के जरिए नीचे उतारा और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान महाराष्ट्र के भंडारा जिले के डोंगरगांव निवासी निर्मला बोरकर के रूप में हुई है।

गृह प्रवेश में शामिल होने आई थीं डोंगरगढ़

जानकारी के मुताबिक, निर्मला बोरकर गुरुवार सुबह अपनी छोटी बहन सुलोचना और भाभी के साथ पावर हाउस क्षेत्र से पैदल मां बम्लेश्वरी मंदिर के लिए निकली थीं। परिजनों के अनुसार, मौसम गर्म होने के कारण सीढ़ियां चढ़ते समय उन्होंने रास्ते में नींबू पानी भी पिया था।

तीनों महिलाएं धीरे-धीरे सीढ़ियां चढ़ते हुए दादी माता मंदिर के पास पहुंचीं। इसी दौरान निर्मला अचानक बैठ गईं। उन्होंने परिजनों को सीने में दर्द होने की जानकारी दी। हालत बिगड़ती देख परिजन तत्काल मंदिर कार्यालय पहुंचे और ट्रस्ट को सूचना दी।

मेंटेनेंस के कारण बंद था रोपवे, सूचना मिलते ही कराया चालू

सूचना मिलते ही मां बम्लेश्वरी ट्रस्ट के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उस समय रोपवे मेंटेनेंस के चलते बंद था। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए ट्रस्ट ने तत्काल रोपवे चालू कराया।

निर्मला के साथ उनकी बहन और भाभी को भी रोपवे के जरिए नीचे लाया गया। इसके बाद ट्रस्ट की एंबुलेंस से निर्मला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पहली बार मां बम्लेश्वरी के दर्शन की थी इच्छा

निर्मला की छोटी बहन सुलोचना ने बताया कि 15 सितंबर को पावर हाउस क्षेत्र स्थित उनके घर में गृह प्रवेश का कार्यक्रम था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निर्मला एक दिन पहले डोंगरगढ़ पहुंची थीं। कार्यक्रम के बाद उन्होंने मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने की इच्छा जताई थी।

सुलोचना के मुताबिक, निर्मला इससे पहले कभी डोंगरगढ़ नहीं आई थीं। गुरुवार सुबह दोनों बहनें अपनी भाभी के साथ मंदिर के लिए निकली थीं। वे धीरे-धीरे सीढ़ियां चढ़ते हुए दादी माता मंदिर तक पहुंचीं, लेकिन मंदिर से करीब 100 सीढ़ियां पहले ही निर्मला की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

बहन की मौत के बाद सुलोचना भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि निर्मला पहली बार मां बम्लेश्वरी के दर्शन करना चाहती थीं, लेकिन उनकी यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी।

परिवार में पति, बेटा और दो बेटियां

परिजनों के अनुसार, निर्मला के पति रमेश बोरकर किसान हैं। परिवार में उनका एक बेटा और दो बेटियां हैं।

ट्रस्ट ने जताई संवेदना

मां बम्लेश्वरी ट्रस्ट डोंगरगढ़ के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने बताया कि दादी माता मंदिर के पास दर्शन के लिए जा रही महिला ने सीने में दर्द की शिकायत की थी। परिजनों से सूचना मिलने के बाद ट्रस्ट की ओर से तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई।

उन्होंने बताया कि मेंटेनेंस के कारण बंद रोपवे को तत्काल चालू कराया गया और महिला को नीचे लाया गया। इसके बाद ट्रस्ट की एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना पर ट्रस्ट समिति ने शोक संवेदना व्यक्त की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here