Home छत्तीसगढ़ जगदलपुर में दीया जलाने के आयोजन पर बवाल, कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प

जगदलपुर में दीया जलाने के आयोजन पर बवाल, कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प

0

जगदलपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर जगदलपुर में आयोजित ‘आशीर्वाद समारोह’ के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। दंतेश्वरी मंदिर से मिताली चौक तक दीये जलाने के कार्यक्रम के लिए की गई बैरिकेडिंग को लेकर कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस का आरोप था कि बैरिकेड लगाए जाने के कारण मार्ग के भीतर स्थित छोटी-बड़ी दुकानों का कारोबार प्रभावित हो रहा है और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विरोध के बीच भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता और महापौर संजय पांडे भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और विवाद झड़प में बदल गया। मौके पर दोनों पक्षों के बीच खींचतान की स्थिति बनी। इस दौरान जूते-चप्पल भी चलने की बात सामने आई। विवाद के बाद सड़क पर जूते-चप्पल और चश्मे बिखरे नजर आए।

विरोध के बीच बढ़ा राजनीतिक टकराव

आयोजन को लेकर शुरू हुआ विरोध धीरे-धीरे राजनीतिक विवाद में बदल गया। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए और मौके पर नारेबाजी भी होती रही।

स्थिति बिगड़ने की सूचना के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को अलग-अलग किया। पुलिस की मौजूदगी में भी कुछ समय तक मौके पर नारेबाजी का दौर चलता रहा।

गृहमंत्री विजय शर्मा से भी हुई बहस

विवाद के बीच छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा भी मौके पर पहुंचे। रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ उनकी भी बहस हुई। आयोजन को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी रहे।

फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। दंतेश्वरी मंदिर से मिताली चौक तक आयोजित कार्यक्रम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव का रूप लेता नजर आ रहा है।

देखें वीडियो –

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here