मनेंद्रगढ़। सेवा संकल्प अभियान 2026 के द्वितीय चरण के शुभारंभ अवसर पर स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि जरूरत के समय रक्त किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मेडिकल कॉलेज मनेंद्रगढ़ के प्रथम वर्ष प्रवेश उत्सव एवं वृहद स्वास्थ्य शिविर के दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में स्वास्थ्य मंत्री ने रक्तदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का माध्यम है। स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री के रक्तदान से शिविर में मौजूद लोगों में भी उत्साह देखने को मिला और लोगों ने रक्तदान के लिए आगे आने का संदेश दिया। शिविर के दौरान कुल 19 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। रक्तदान भी इसी सेवा भावना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं रक्तदान करें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।




