पिथौरा : महासमुंद जिले के पिथौरा क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत चारभाटा में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश देकर 65 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से करीब 500 किलो महुआ लहन भी बरामद किया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
आबकारी विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से महुआ शराब तैयार की जा रही है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने चारभाटा में कार्रवाई की। मौके पर अवैध शराब बनाने की गतिविधियां सामने आने के बाद टीम ने शराब और निर्माण सामग्री को जब्त किया।
बताया गया कि अवैध शराब तैयार करने के लिए महुआ लहन के साथ केमिकल का भी इस्तेमाल किया जा रहा था। विभाग के अनुसार आरोपी लंबे समय से अवैध शराब की भट्ठी संचालित कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त 500 किलो महुआ लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि इसका इस्तेमाल दोबारा अवैध शराब बनाने में न किया जा सके।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है। विभाग की ओर से अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।




