किताबों से निकलकर व्यवहार में समझी चुनाव प्रक्रिया, ELC Future Voters के तहत विद्यार्थियों ने निभाई विभिन्न भूमिकाएं
मनेन्द्रगढ़। लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया को केवल किताबों तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों को उसका व्यवहारिक अनुभव कराने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोमनहिल में मतदाता साक्षरता क्लब (ELC Future Voters) के अंतर्गत 16 सितंबर 2026 को बनावटी मतदान केंद्र स्थापित कर मॉक पोल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम विद्यालय की क्लब संरक्षक एवं प्राचार्य श्रीमती रजनी सालोमन के निर्देशन तथा क्लब के नोडल अधिकारी एवं व्याख्याता के. प्रफुल्ल रेड्डी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। मॉक पोल के दौरान प्राचार्य श्रीमती रजनी सालोमन ने पीठासीन अधिकारी की भूमिका निभाई, जबकि के. प्रफुल्ल रेड्डी ने मास्टर ट्रेनर के रूप में विद्यार्थियों को मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने निभाई चुनावी जिम्मेदारियां
मॉक पोल को वास्तविक मतदान केंद्र की तर्ज पर संचालित किया गया। इसमें आंचल, अनुज सोनी, रिबका बड़ा एवं तैहसीम शेख ने प्रत्याशी की भूमिका निभाई। मतदान अधिकारी क्रमांक 01, 02 एवं 03 की जिम्मेदारी क्रमशः सालेहा खातून, आयुषी पटेल एवं साधना ने संभाली।
इसी तरह इति बैगा, जानकी, गीत बिरहा एवं आयुष बेहरा ने मतदाता की भूमिका निभाई। मतदान केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था में आशीष कुमार ने मतदान पुलिसकर्मी की भूमिका निभाई, जबकि सीफा परवीन, काजल दास एवं कंचन ने मतदान अभिकर्ता के रूप में जिम्मेदारी निभाई।
मॉक पोल के दौरान विद्यार्थियों ने मतदान केंद्र की व्यवस्था, मतदाता की पहचान, मतदान की प्रक्रिया, पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारियों की जिम्मेदारियों सहित चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न चरणों का प्रत्यक्ष अभ्यास किया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने जाना कि मतदान केंद्र पर किस प्रकार पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों और जिम्मेदारियों के साथ संपन्न होती है।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की भी दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान क्लब नोडल अधिकारी के. प्रफुल्ल रेड्डी ने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया, BLO की भूमिका तथा मतदाता सूची से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान कीं। विद्यार्थियों को भविष्य में जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए आवश्यक जानकारी से अवगत कराया गया।
गौरतलब है कि शासन के निर्देशानुसार विद्यालय स्तर पर जुलाई माह में ELC Future Voters क्लब का गठन किया गया है। क्लब का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार भावी मतदाता के रूप में तैयार करना है। इसके अंतर्गत नवमतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ही मतदाता जागरूकता रैली, भाषण, वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं अन्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जानी हैं।
मॉक पोल के माध्यम से विद्यार्थियों ने मतदान प्रक्रिया को नजदीक से समझने के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता की भूमिका, जिम्मेदारी और मतदान के महत्व को व्यवहारिक रूप से जाना। विद्यालय की यह गतिविधि विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों एवं नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही।




