सेवा संकल्प अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ, स्वास्थ्य शिविर में हजारों लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण; 19 यूनिट रक्तदान
मनेंद्रगढ़। सेवा संकल्प अभियान 2026 के द्वितीय चरण का शुभारंभ एवं शासकीय मेडिकल कॉलेज मनेंद्रगढ़ के प्रथम वर्ष के नवप्रवेशी छात्रों के प्रवेश उत्सव का आयोजन गुरुवार को किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम परिसर में वृहद स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं जांच का लाभ लिया।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण कर की गई। इसके पश्चात शासकीय मेडिकल कॉलेज मनेंद्रगढ़ के प्रथम वर्ष के नवप्रवेशी छात्रों का प्रवेश कराया गया। मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष के लिए कुल 50 सीटें निर्धारित हैं, जिनमें राज्य कोटे की 31 सीटों पर छात्रों को प्रवेश दिया गया था किट प्रदान किया गया। इसके बाद दूसरे चरण के सेवा संकल्प अभियान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज अब केवल सपना नहीं, बल्कि हकीकत बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मेडिकल कॉलेज की शुरुआत क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है इस दौरानयुवाओं और समाज सेवियों ने रक्तदान कर सेवा भावना का संदेश दिया।
मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा के रूप में मनाने की परंपरा देखने को मिल रही है। स्वच्छता, रक्तदान और जनसेवा जैसे कार्यों के माध्यम से जन्मदिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कोरोना महामारी का उल्लेख करते हुए कहा कि देश ने कोरोना जैसी चुनौती का सामना किया और वैक्सीन तैयार कर देश के साथ अन्य देशों को भी उपलब्ध कराई।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का काम किया गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से राहत, प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्के मकान तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालय निर्माण जैसे कार्य किए गए हैं।मेडिकल कॉलेज को लेकर उन्होंने कहा कि जिन लोगों को आशंका थी कि मेडिकल कॉलेज मनेंद्रगढ़ से कहीं और चला जाएगा, उन्हें अब सामने दिखाई दे रही व्यवस्था को देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में 50 विद्यार्थियों के साथ 50 शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास है। साथ ही जीवनदीप समिति के मानदेय में भी वृद्धि की गई है।
कार्यक्रम के दौरान जीवनदीप समिति द्वारा स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत महामाला से किया गया। वहीं आयोजित स्वास्थ्य शिविर में रक्तदान अभियान के तहत 19 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर में हजारों की संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम में योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, नगर पंचायत लेदरी अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, नगर पालिका मनेंद्रगढ़ अध्यक्ष प्रतिमा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत सिंह, नगर पंचायत झगराखांड अध्यक्ष रीमा यादव, जानकी बाई खुसरो तथा जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगडे, डॉ अविनाश खरे मुख्य चिकित्सा अधिकारी, शिशिर जायसवाल डीपीएम, डॉ स्वप्निल तिवारी, अस्पताल अधीक्षक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नवप्रवेशी मेडिकल छात्र एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।





