रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेशभर में 1.50 करोड़ से अधिक दीये प्रज्ज्वलित किए गए। गांवों से लेकर शहरों तक हजारों स्थानों पर लोगों ने दीप जलाकर सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम में समाज के अलग-अलग वर्गों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। महिलाओं, युवाओं, किसानों, श्रमिकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित किए। कई स्थानों पर दीपों से आकर्षक आकृतियां और संदेश भी तैयार किए गए।
सीएम साय ने पीएम मोदी के नेतृत्व को बताया महत्वपूर्ण
‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र और जनसेवा के लिए समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, जनकल्याण और राष्ट्रीय स्वाभिमान के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दिन-रात देश के 140 करोड़ नागरिकों की सेवा में जुटे हैं। उनके नेतृत्व में भारत विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर हुआ दीप प्रज्वलन
‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम का असर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में देखने को मिला। मंदिरों, चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मैदानों में बड़ी संख्या में नागरिक जुटे। लोगों ने सामूहिक रूप से दीप जलाकर सेवा, सहयोग और सकारात्मक बदलाव के संकल्प का संदेश दिया।
प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में एक साथ बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित होने से कई स्थानों पर आकर्षक दृश्य देखने को मिले। आयोजन ने जनभागीदारी और सामूहिक उत्साह का स्वरूप लिया।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसके तहत जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान का उद्देश्य सेवा और सुशासन की भावना को आम लोगों तक पहुंचाने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों को रचनात्मक और जनकल्याणकारी गतिविधियों से जोड़ना है। ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम इसी अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर लोगों की भागीदारी देखने को मिली।




