नीम करौली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ लोगों को खूब पसंद आई. 2 करोड़ रुपये में बनी इस फिल्म ने 400 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिज़नेस किया है. फिल्म के आने के बाद उत्तराखंड के कैंची धाम में लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है. सोशल मीडिया पर कैंची धाम के आस पास रहने वाले लोग वीडियो शेयर कर दावा कर रहे हैं कि वहां बहुत भीड़ आ रही है, जिससे इलाके में लोगों को खूब दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है. अब कैंची धाम में भीड़ बढ़ने की रिपोर्ट्स पर ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक डॉक्टर विशाल चतुर्वेदी का भी बयान सामने आया है. उन्होंने वहां जाने वाले लोगों से खास अपील की है. “कैंची धाम में इस वक्त बहुत भीड़ है और बहुत सारे लोगों का ये कहना है कि ‘हनुमान अंश’ देखने के बाद वहां बहुत सारे लोग पहुंच गए हैं. यदि ऐसा है तो भी और नहीं है तो भी, हम सभी को वहां की परिस्थिती पता कर के ही वहां पर जाना चाहिए.”
इन जगहों पर जाने की सलाह दी:- विशाल चतुर्वेदी ने इस दौरान लोगों को नीम करौली बाबा से जुड़े अन्य जगहों पर जाने की सलाह दी. उन्होंने कहा, “आप सभी से अनुरोध है कि ऐसे समय में अगर कैंची धाम में बहुत भीड़ है और घंटो की लाइन लगी है तो आप इन स्थानों पर भी जा सकते हैं. मेरा आपसे अनुरोध है कि ऐसी स्थिती न हो पाए, आपके घर में बच्चे, महिलाएं, जो हैं, वो वहां पर सफोकेट हो रहे हैं. वो जाम में फंसी हुई हैं.” उन्होंने कहा कि भक्त नीम करौली गांव और वृंदावन भी जा सकते हैं क्योंकि ये जगहें भी नीम करौली बाबा से जुड़ी हुई हैं.
लॉन्ग वीकेंड ने बढ़ाई भीड़:- 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के दौरान लॉन्ग वीकेंड पड़ा था. शुक्रवार को सरकारी छुट्टी और फिर शनिवार और रविवार होने के चलते कैंची धाम समेत उत्तराखंड के बड़े टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर काफी भीड़ देखी गई. कई जगहों से भारी जाम और भीड़ की तस्वीरें सामने आई थीं.




