दीवाली और छठ पूजा के दौरान घर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है. त्योहारों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का संचालन बढ़ाने की तैयारी की है. उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से होकर करीब 40 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी. इन ट्रेनों से बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा. इसके अलावा पंजाब, जम्मू और दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को भी इन विशेष ट्रेनों का फायदा मिलेगा. नियमित ट्रेनों में पहले से ही सीटों की मांग बढ़ी हुई है.
वाराणसी से चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए भी ट्रेनें:- वाराणसी-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन संख्या 04227/04228 का संचालन एक अक्टूबर से 30 नवंबर तक 18 फेरों में होगा. वाराणसी से चंडीगढ़ जाते समय यह ट्रेन मुरादाबाद में रात करीब 10:50 बजे पहुंचेगी और 11 बजे रवाना होगी. इसके अलावा वाराणसी-दिल्ली स्पेशल ट्रेन संख्या 04209/04210 भी दो अक्टूबर से 28 नवंबर तक चलेगी. वाराणसी से दिल्ली जाते समय यह ट्रेन मुरादाबाद में सुबह 9:19 बजे पहुंचेगी और 9:27 बजे रवाना होगी. वापसी में रात 10:40 बजे आगमन और 10:50 बजे प्रस्थान होगा.
फिरोजपुर-पटना ट्रेन भी देगी अतिरिक्त सुविधा:- फिरोजपुर कैंट-पटना स्पेशल ट्रेन संख्या 04616/04615 का संचालन छह अक्टूबर से 25 नवंबर तक किया जाएगा. यह ट्रेन इस अवधि में आठ फेरे लगाएगी. फिरोजपुर से पटना जाते समय ट्रेन मुरादाबाद में रात करीब 10:45 बजे पहुंचेगी और 10:55 बजे रवाना होगी. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है. यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले एनटीईएस या 139 पर ट्रेन का समय और संचालन जरूर जांच लें.
बिहार जाने वालों के लिए भी कई विकल्प:- मुरादाबाद होकर बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए भी कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. आनंद विहार-जोगबनी स्पेशल 04008/04007, आनंद विहार-मुजफ्फरपुर स्पेशल 04028/04027 और दिल्ली-सीतामढ़ी वाया गोरखपुर स्पेशल 04010/04009 का संचालन भी किया जाएगा. इसके अलावा चंडीगढ़-पटना स्पेशल ट्रेन संख्या 04512/04511 एक अक्टूबर से 27 नवंबर तक दोनों दिशाओं में नौ-नौ फेरे लगाएगी. चंडीगढ़ से पटना जाते समय ट्रेन मुरादाबाद में सुबह करीब 5:33 बजे पहुंचेगी और 5:43 बजे रवाना होगी.



