अमन पथ न्यूज़ बालोद से उत्तम साहू : पाररास बाईपास से बघमरा बाईपास तक सड़क मार्ग अब जल्द ही स्ट्रीट लाइटों से रोशन होगा। लंबे समय से अंधेरे की समस्या से जूझ रहे इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाए जाने की पहल से राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।बाईपास तक दोनों साइड स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य का भूमिपूजन किया गया।
आज मंगलवार को भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। इस दौरान वार्ड नंबर 1 की पार्षद एवं सभापति श्रीमती पुष्पा ईश्वर साहू, पार्षद गोमती रात्रे, पार्षद सुनीता मनहर और नगर पालिका के इंजीनियर लेख लाल सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि इस मार्ग पर अंधेरा होने से दुर्घटनाओं और असुरक्षा की शिकायतें मिल रही थीं। दोनों तरफ स्ट्रीट लाइटें लगने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि रात में सुरक्षा भी बढ़ेगी।
वार्ड पार्षद पुष्पा साहू ने बताया बाईपास मे मार्ग में रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण आवागमन करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। स्ट्रीट लाइट लगने के बाद सड़क पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर होगी, जिससे रात में आवागमन अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित हो सकेगा। पाररास बाईपास से बघमरा बाईपास तक स्ट्रीट लाइट लगाने की पहल को क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में देखा जा रहा है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि कार्य जल्द पूरा होने से वर्षों से बनी अंधेरे की समस्या का समाधान होगा।




