Home छत्तीसगढ़ बैंक भ्रमण से विद्यार्थियों ने समझी अर्थव्यवस्था की जमीनी हकीकत

बैंक भ्रमण से विद्यार्थियों ने समझी अर्थव्यवस्था की जमीनी हकीकत

0

डोमनहिल स्कूल के कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में जाना बैंकिंग का व्यावहारिक ज्ञान

डोमनहिल चिरमिरी : शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोमनहिल में अर्थशास्त्र विषय के विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ वास्तविक जीवन की व्यावहारिक जानकारी देने के उद्देश्य से अर्थशास्त्र क्लब के तत्वावधान में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों का सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, सोनवानी-डोमनहिल शाखा का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस अभिनव पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने ‘मुद्रा एवं बैंकिंग’ इकाई को प्रत्यक्ष रूप से समझा और बैंकिंग व्यवस्था की कार्यप्रणाली की जानकारी हासिल की।

यह भ्रमण विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रजनी सालोमन के निर्देशानुसार अर्थशास्त्र क्लब के प्रभारी एवं विषय व्याख्याता के. प्रफुल्ल रेड्डी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक में पढ़ाए जाने वाले सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना था।

बैंकिंग सेवाओं की बारीकियां समझीं

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने बैंक में होने वाले मुद्रा के लेन-देन, बचत एवं चालू खाते, ऋण सुविधा, चेक, एटीएम, डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन भुगतान सहित विभिन्न बैंकिंग सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने ईएमआई, केवाईसी, एसएलआर और सीआरआर जैसी बैंकिंग एवं वित्तीय व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली।

विद्यार्थियों ने बैंक अधिकारियों से बैंक की कार्यप्रणाली, ग्राहकों को मिलने वाली सुविधाओं, बैंक में जमा राशि के उपयोग, ऋण वितरण की प्रक्रिया तथा देश की अर्थव्यवस्था में बैंकों की भूमिका को लेकर अनेक सवाल किए। बैंक अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें बैंकिंग व्यवस्था की व्यावहारिक जानकारी दी।

इस अवसर पर बैंक मैनेजर सुभाष कुमार, सहायक बैंक मैनेजर आकाश पुरूस्ती, मुख्य कैशियर अशोक गुगुलोथ एवं कार्यालय सहायक मुनीश कुमार ने विद्यार्थियों को बैंकिंग सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। बैंक मैनेजर सुभाष कुमार ने विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन और नियमित बचत के महत्व से भी अवगत कराया।

बचत और वित्तीय अनुशासन का दिया संदेश

बैंक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि बैंक केवल धन जमा करने और निकालने का माध्यम नहीं, बल्कि देश की आर्थिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। विद्यार्थियों को बचत की आदत विकसित करने, वित्तीय अनुशासन अपनाने तथा डिजिटल लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने के लिए भी प्रेरित किया गया।

अर्थशास्त्र क्लब प्रभारी के. प्रफुल्ल रेड्डी ने बताया कि बैंक मैनेजर सुभाष कुमार से विद्यार्थियों के शैक्षणिक भ्रमण के लिए अनुरोध किया गया था, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार करते हुए अनुमति प्रदान की। उन्होंने कहा कि बैंक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए बेहद ज्ञानवर्धक और उपयोगी रहा। विद्यार्थियों ने बैंक प्रबंधन एवं स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पुष्पगुच्छ भेंट किया। बैंक प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों के लिए स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई।

इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों में बैंकिंग प्रणाली, वित्तीय जागरूकता, बचत, निवेश एवं सुरक्षित डिजिटल लेन-देन को लेकर समझ विकसित हुई। विद्यालय परिवार एवं अर्थशास्त्र क्लब ने इस शैक्षणिक पहल को सफल बनाने के लिए बैंक मैनेजर सहित समस्त बैंक स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here