Home छत्तीसगढ़ बस्तर दशहरा में हादसा: रथ बिजली के खंभे से टकराया, कई लोग...

बस्तर दशहरा में हादसा: रथ बिजली के खंभे से टकराया, कई लोग घायल

0

बस्तर: जगदलपुर में बस्तर दशहरा की रथ परिक्रमा के दौरान अचानक रथ का रूट बदल जाने से हादसा हो गया। रथ परिक्रमा मार्ग से हटकर अचानक रथ यामाहा शो-रूम के समक्ष जा पहुंचा। इस दौरान रथ बिजली के खंभे से टकरा गया, यहां रथ परिक्रमा देख रहे दो दर्जन लोगों के ऊपर बिजली का खंभा गिर गया, जिसकी वजह से आधा दर्जन से अधिक लोगों को चोंट आई। पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

फूल रथ के बिजली के खंभे से टकराते ही बिजली के तारों से चिंगारी निकलने लगी। घटना के बाद लोग बदहवास होकर भागने लगे, गनीमत रही कि करेंट की चपेट में कोई नहीं आया वरना यहां बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं अचानक रूट बदले जाने से एक स्कूटी सवार भी रथ के चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।

व्यवस्था संभालने में पुलिस के छूटे पसीने

सिरासार चौक से पावर हाउस चौक की ओर अचानक रथ के जाने से व्यवस्था भी बिगड़ गई। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने रथ खींचने वाले लोगों को समझाने बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन काफी देर तक मौके पर व्यवस्था को पटरी में लाने पुलिस के पसीने छूट गए।

शरारती लोगों ने बदला रथ का रूट

वहीं श्रद्धा पूर्वक रथ परिक्रमा देख रहे लोगों पर अचानक बिजली खंभा गिरने से लोग सदमे में आ गए। बताया जा रहा है कि रथ खींचने वाले लोगों में शामिल कुछ शरारती लोगों ने रथ का रूट बदल दिया और तेजी से पॉवर हाउस चौक की तरफ रथ को खींच लिया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताया है। पर्यटकों, श्रद्धालुओं में अब रथ देखने को लेकर दहशत का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here