Home छत्तीसगढ़ रायपुर में 85 किलो गांजा जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार; 58 लाख का...

रायपुर में 85 किलो गांजा जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार; 58 लाख का माल बरामद

0

रायपुर :  राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने 85 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो अंतरराज्यीय आरोपी बताए गए हैं। गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 58 लाख रुपये है।

पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक मैदान के पास एक चारपहिया वाहन में गांजा रखा गया है और उसमें सवार लोग बिक्री की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली।

कार की डिक्की से मिले गांजे के पैकेट

पुलिस ने वाहन में सवार तीन लोगों की पहचान अनीश साहू, सूरज कलेत और राकेश साहू के रूप में की। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में अलग-अलग पैकेटों में रखा 85 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बलांगीर से लाकर किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के उद्देश्य से ले जाने की बात बताई है। पुलिस ने गांजे की कीमत लगभग 42 लाख 50 हजार रुपये आंकी है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 544/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) और 29 में मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में की गई।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

अनीश साहू (36 वर्ष): निवासी सागर, मध्य प्रदेश।

राकेश साहू (31 वर्ष): निवासी मंडला, मध्य प्रदेश; पुलिस रिकॉर्ड में गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर का पता भी दर्ज है।

सूरज कलेत (34 वर्ष): निवासी महासमुंद जिला, छत्तीसगढ़।

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अब गांजे की सप्लाई से जुड़े स्रोतों और संभावित खरीदारों की जानकारी जुटा रही है। जांच के तहत यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा कहां से खरीदा गया, इसे किसे सप्लाई किया जाना था और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

इसके लिए आरोपियों के मोबाइल फोन, जब्त वाहन और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की पड़ताल जारी है।

रायपुर कमिश्नरेट में नशे के मामलों पर कार्रवाई

पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, रायपुर कमिश्नरेट में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के 92 मामलों में 204 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में गांजा, प्रतिबंधित नशीली गोलियां, एमडीएमए, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, डोडा, हेरोइन, ब्राउन शुगर और अफीम सहित अन्य सामग्री जब्त किए जाने का दावा किया गया है। पुलिस ने जब्त सामग्री और अन्य संपत्तियों की कुल कीमत 7 करोड़ 9 लाख 98 हजार रुपये बताई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here