आमगांव मे कबड्डी, विधायक यादव ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
बागबाहरा : ग्राम आमगांव में जय साहडा देव कबड्डी दल द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।प्रतियोगिता के अवसर पर विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि कबड्डी हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। यह केवल शारीरिक क्षमता का खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, साहस, आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय क्षमता और टीम भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है। ग्रामीण अंचलों में इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित होने से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच, प्रोत्साहन और अवसर देने की है।
खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ गांव में आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक सहभागिता को भी मजबूत करती हैं। विधायक ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच जोरदार मुकाबले देखने को मिले। इस अवसर पर दानवीर शर्मा, गणेश शर्मा, गिरीश पटेल, मयंक शर्मा, पुनीत नेताम, वीरेंद्र दुबे, भानु पटेल, पालेश साहू, दिनेश पटेल, श्यामलाल निषाद, राकेश साहू, ओमप्रकाश साहू, गोपाल चौधरी, श्रीमती नालंदा साहू एवं श्रीमती रामप्यारी साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आशीष दीवान ने किया।




