
आजकल घुटनों की समस्या तेजी से बढ़ रही है. अब यह परेशानी सिर्फ बुजुर्गों तक सीमित नहीं है, बल्कि युवा भी चपेट में आ रहे हैं. खराब लाइफस्टाइल, अत्यधिक वजन, पोषण की कमी और जोड़ों में सूजन के कारण घुटनों में दर्द होने लगता है. कई लोगों को आर्थराइटिस की वजह से जॉइंट पेन होता है. घुटनों का दर्द होने पर लोग अक्सर पेनकिलर ले लेते हैं. हालांकि लगातार दवाएं लेने से शरीर पर बुरा असर पड़ता है. ऐसे में कुछ घरेलू नुस्खे आजमाकर देखा जा सकता है. लहसुन का एक नुस्खा घुटनों के दर्द से काफी हद तक राहत दिला सकता है.
आयुर्वेद के जानकारों की मानें तो घुटनों के दर्द से राहत पाने के लिए आप लहसुन का एक बेहद आसान और कारगर नुस्खा आजमा सकते हैं. इसके लिए 3-4 लहसुन की कलियां लें, उन्हें छीलकर हल्का सा कूट लें. फिर एक चम्मच सरसों के तेल में इन्हें धीमी आंच पर भूनें जब तक लहसुन सुनहरा न हो जाए. इसे थोड़ा ठंडा करके दर्द वाले हिस्से पर धीरे-धीरे मालिश करें. दिन में दो बार इस नुस्खे को अपनाने से घुटनों का दर्द तेजी से कम होने लगता है.
लहसुन शरीर के लिए बेहद फायदेमंद होता है, लेकिन कुछ लोगों को लहसुन अवॉइड करना चाहिए. जिन लोगों को एसिडिटी, ब्लड प्रेशर या खून पतला करने की दवाएं चल रही हों, उन्हें डॉक्टर की सलाह से ही लहसुन का सेवन करना चाहिए. गर्भवती महिलाएं भी लहसुन का सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह लें. घुटनों के दर्द के लिए लहसुन एक प्राकृतिक और सुरक्षित विकल्प है. यह न केवल दर्द और सूजन को कम करता है, बल्कि शरीर की अंदरूनी ताकत को भी बढ़ाता है. नियमित उपयोग से घुटनों की कमजोरी दूर होती है और चलने-फिरने में आसानी होती है.



