
19 जून 2025:- सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए 3000 हजार रुपये के सालाना पास का ऐलान किया है. इससे वाहन चालकों के समय की बचत होने के साथ पैसे की बचत भी होगी. अभी जिन वाहन चालकों को सालाना 10000 रुपये टोल के रूप में चुकाना पड़ता है. 15 अगस्त के बाद इनको काफी फायदा होने वाला है. यह पास राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर काम करेगा. इसकी कीमत 3,000 रुपये है और यह एक साल या 200 ट्रिप तक वैध होगा. इस पास से बार-बार यात्रा करने वालों को काफी बचत होगी. आइए, सरल भाषा में समझें कि इससे कितने पैसे बचेंगे?
अभी 200 टोल प्लाजा पार करने में औसतन 10,000 रुपये तक खर्च हो जाते हैं_ उदाहरण के लिए, दिल्ली से चंडीगढ़ (NH-44) की एक तरफ की यात्रा में चार टोल प्लाजा पर करीब 325 रुपये टोल देना पड़ता है. अगर आप साल में 9 बार यह एक तरफ की यात्रा करते हैं, तो 2,925 रुपये खर्च होंगे. रिटर्न यात्रा को मिलाकर यह राशि 5,850 रुपये हो जाती है. अगर आप 200 टोल पार करते हैं, तो कुल खर्च 10,000 रुपये से ज्यादा हो सकता है. लेकिन नए सालाना टोल पाससे 3,000 रुपये में 200 ट्रिप मिलेंगी.इस तरह प्रति टोल औसतन 15 रुपये खर्च होंगे. इससे वाहन चालक को 7,000 रुपये तक की बचत होगी.
दिल्ली से मुंबई जाने वालों को सबसे ज्यादा फायदा
नई व्यवस्था से दिल्ली से मुंबई एक्सप्रेसवे से सीधा सफर करने वालों को सबसे ज्यादा फायदा होगा. क्योंकि दिल्ली से मुंबई शुरू से लेकर अंत तक एक ही ट्रिप मानी जाएगी. लेकिन अगर आप कुछ किमी. दूरी तक चलने के बाद बीच में इंटरचेंज में कहीं उतरते हैं तो वो भी एक ही ट्रिप मानी जाएगी. कुछ समय बाद इसी से वापस लौटते हैं तो दूसरी ट्रिप मानी जाएगी. इसे क्लोज्ड टोलिंग सिस्टम कहा जाता है.



