नई दिल्ली : इस वक्त सैयारा बॉक्स ऑफिस की गद्दी पर बैठी हुई है। मोहित सूरी की रोमांटिक ड्रामा फिल्म लगातार कमाई का एक नया पैमाना सेट कर रही है। अहान पांडे और अनीत पड्डा स्टारर फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ सेलिब्रिटीज की भी काफी तारीफें मिली हैं।
हालांकि, अब कहो ना प्यार है और गदर 2 जैसी सफल फिल्में देने वाली अभिनेत्री अमीषा पटेल ने ‘सैयारा’ को लेकर तंज कसा है। हाल ही में जब ‘सैयारा’ की तुलना कल्ट फिल्मों से की गई तो एक्ट्रेस ने अपना गुस्सा व्यक्त किया।
दो हफ्ते बाद अब सब खत्म हो जाता है
अमीषा पटेल हाल ही में एक इवेंट अटेंड करने पहुंची थी, जहां पैपराजी ने उनसे सैयारा की सक्सेस पर बात की और साथ ही उसकी तुलना कल्ट फिल्मों से की। न्यूज 18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक्ट्रेस ने कहा, “कल्ट फिल्मों की इस तरह की फिल्में जो आज बनी हैं, उससे तुलना करना बिल्कुल ही गलत है। हमारी फिल्में ऑर्गेनिक हिट होती थी। राज-सिमरन, रोहित-सोनिया, तारा-सकीना लोग इन कैरेक्टर्स को नाम से याद रखते हैं”।
एक्ट्रेस ने आगे कहा, “उस समय पर सोशल मीडिया पर फिल्मों का हाइप नहीं बनता था। लोग आज के समय में थिएटर में सोशल मीडिया पर हाइप की वजह से जाते हैं, पीआर वर्क कर रहे हैं। दर्शक थिएटर जरूर जाते हैं, लेकिन दो हफ्तों में ही सब खत्म हो जाता है।
सैयारा की बॉक्स ऑफिस कमाई की बात करें तो ये फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 13 दिनों में टोटल 274 करोड़ की कमाई कर चुकी है, वहीं दुनियाभर में रोमांटिक ड्रामा मूवी ने 425.5 करोड़ तक का कलेक्शन किया है। ओवरसीज मार्केट में सैयारा ने 97 करोड़ तक का कलेक्शन कर लिया है।



