
उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक ट्रेन का इंजन उसकी बोगियों से अलग हो गया. ये देख यात्रियों में दहशत फैल गई. यात्री बोगियों के बिना इंजन को दौड़ते देख चिल्ला पड़े और बोगियों से उतर गए. घटना की जानकारी जैसे ही रेलवे के आला अधिकारियों को मिली वो दौड़कर मौके पर पहुंचे. ट्रेन की इंजन की बिना बोगियों के दौड़ने की ये घटना देवरिया के नूनखार रेलवे स्टेशन पर हुई. घटना मंगलवार को सुबह हुई.
जिस ट्रेन का इंजन बोगियों से अलग हुआ वो छपरा-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस है. मंगलवार सुबह छपरा-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह 8:25 बजे नूनखार रेलवे स्टेशन पहुंची थी. नूनखार स्टेशन पर रुकने के बाद जब ट्रेन जब वहां से चली तो इसका इंजन बोगियों से अलग हो गया. इतना ही नहीं इंजन बोगियों को छोड़कर 200 मीटर तक आगे दौड़ गया. इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया.
10 मिनट में फिर से बोगियों से जोड़ दिया गया इंजन:- रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि जैसे ही इंजन के बोगियों से अलग होने की सूचना मिली तो रेलवे की तकनीकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची. इसके बाद इंजन को 10 मिनट में फिर से बोगियों से जोड़ दिया गया. फिर ट्रेन गोरखपुर के लिए रवाना हो गई. छपरा-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का कपलिंग खुल जाने की वजह से ये घटना हुई. ट्रेन का इंजन आगे बढ़ गया और बोगियां वहीं रुक गईं.
यात्रियों ने रेलवे की कार्यप्रणाली पर खड़े किए सवाल:- वहीं यात्रियों ने कहा कि इससे एक बड़ा हदासा हो सकता था, जो टल गया. क्योंकि अगर इंजन की स्पीड तेज होती तो नुकसान हो सकता था. यात्रियों ने रेलवे की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए. इधर रेलवे द्वारा घटना की जांच शुरू कर दी गई है. आखिर ये घटना कैसे हुई और कपलिंग कैसे खुली, इसकी जांच रेलवे के अधिकारियों और तकनीकी टीम द्वारा की जा रही है.



