
नई दिल्ली : भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को जो चोट दी है, वह उसको हमेशा याद आती रहेगी। इस बीच जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी कमांडर इलियास कश्मीरी ने एक बड़ा खुलासा कर पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसीम मुनीर की पोल खोल दी है।
दरअसल, जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी कमांडर ने पाकिस्तान में एक बड़ा कबूलनामा सामने आया है। उसने दावा किया कि ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए आतंकियों के जनाजे में पाकिस्तानी आर्मी के अफसरों को भेजने का आदेश सीधे आर्मी चीफ ने दिया था।
एचटी की रिपोर्ट के अनुसार, सामने आए एक वीडियो में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी कमांडर कश्मीरी ने खुलासा किया है कि पाकिस्तानी सेना मुख्यालय (जीएचक्यू) ने ही वरिष्ठ कमांडरों को निर्देशित किया था कि वे मारे गए सभी आतंकियों को सैन्य प्रोटोकॉल के तहत सम्मानित करें। ऑपरेशन सिंदूर के बाद तमाम तस्वीरें भी सामने आई थी, जिसमें देखा गया कि पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी आतंकियों के जनाजे में शामिल हुए।
वहीं, एक अन्य वीडियो में इलियास कश्मीरी ने कहा कि दिल्ली की तिहाड़ जेल से छूटने और दुश्मनों की पकड़ से छूटने के बाद, जब अमीर-उल-मुजाहिदीन मौलाना मसूद अजहर पाकिस्तान आया, तो यह बालाकोट की धरती ही थी जिसने उसे दिल्ली और मुंबई में अपने मिशन और अपने मकसद को आगे बढ़ाने की ताकत दी… यह मिट्टी, इसका हर कण, उसका ऋणी है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो की पुष्टि जागरण नहीं करता है।



