एस एच अज़हर अमन पथ बैलाडीला, दंतेवाड़ा: जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम ने बैलाडीला क्षेत्र में एनएमडीसी उपक्रम के साप्ताहिक अवकाश को बुधवार से रविवार करने के निर्णय पर गंभीर चिंता जताई है। पिछले 70 वर्षों से बुधवार को साप्ताहिक अवकाश के चलते कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों को सरकारी कार्यों जैसे राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड बनवाने, सरकारी चावल वितरण, बच्चों के टीकाकरण, और आदिवासी बच्चों के लिए जाति-निवास दस्तावेज बनवाने में सुविधा मिलती थी। इस दिन एनएमडीसी ने आयरन ओर उत्पादन में कई रिकॉर्ड और पुरस्कार भी हासिल किए हैं।
हाल ही में एनएमडीसी हेडक्वार्टर के निर्णय से अवकाश को रविवार कर दिया गया है, जिससे विशेष रूप से लगभग 3000 ठेका श्रमिक परिवार प्रभावित हो रहे हैं। कुंजाम ने बताया कि इस बदलाव से ठेका श्रमिकों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जैसे:राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड आदि बनवाने या संशोधन में कठिनाई।सरकारी योजनाओं जैसे चावल वितरण का लाभ न मिल पाना।बच्चों के टीकाकरण में असुविधा।दंतेवाड़ा कलेक्टर कार्यालय से संबंधित कार्यों में बाधा।
आदिवासी बच्चों के लिए जाति-निवास प्रमाण पत्र बनवाने में दिक्कत, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो सकती है।कम वेतन और सीमित छुट्टियों के कारण ठेका श्रमिकों का सरकारी कार्यों के लिए अवकाश लेना मुश्किल।
कुंजाम ने बताया कि नियमित कर्मचारियों को अधिक छुट्टियां मिलने के कारण वे सरकारी कार्य आसानी से कर पाते हैं, जबकि ठेका श्रमिकों के साथ यह असमानता उन्हें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण योजनाओं से वंचित कर रही है।
उन्होंने एनएमडीसी प्रबंधन, जिला कलेक्टर और राज्य सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार कर बुधवार को साप्ताहिक अवकाश पुनः लागू करने की अपील की है। कुंजाम ने कहा, “मैं एनएमडीसी हैदराबाद प्रबंधन से निवेदन करता हूँ कि वे ठेका श्रमिकों के हित में इस निर्णय को गंभीरता से लेते हुए रविवार की जगह बुधवार का अवकाश बहाल करें।” उन्होंने आशा जताई कि प्रबंधन सकारात्मक निर्णय लेगा, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचेगा।



