Home छत्तीसगढ़ पीएम-जनमन सड़कों की गुणवत्ता जांच, निर्माण कार्य संतोषजनक,विभागीय अधिकारियों ने किया विस्तृत...

पीएम-जनमन सड़कों की गुणवत्ता जांच, निर्माण कार्य संतोषजनक,विभागीय अधिकारियों ने किया विस्तृत निरीक्षण

0

सुरेश मिनोचा एमसीबी : पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जिले के मनेन्द्रगढ़ एवं खडगवा विकासखंडों में प्रधानमंत्री जनमन ( PM-JANMAN) एवं पीएमजीएसवाई योजनाओं के अंतर्गत निर्मित एवं प्रगतिरत सड़कों की गुणवत्ता की व्यापक जांच की गई। सचिव एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण भीम सिंह (आईएएस) प्रमुख अभियंता के.के. कटारे, अधीक्षण अभियंता नवीन मेहता, कार्यपालन अभियंता मोतीराम सिंह सहित विभागीय अमले ने विभिन्न निर्माण स्थलों पर पहुंचकर सड़कों का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सड़क निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी मापदंडों, सड़क के डामर की मोटाई, सतह की मजबूती, जल निकासी व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों की विस्तार से जांच की।

मनेन्द्रगढ़ विकासखंड में परसगढ़ी पीएमजीएसवाई रोड से पीडब्ल्यूडी रोड साजा पहाड़ वाया पटेलपारा तक निर्मित 5.20 किलोमीटर लंबी सड़क का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा शंकरगढ़ से पटेलपारा बैगापारा तक 3.50 किलोमीटर लंबी सड़क का भी परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों सड़कों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई तथा निर्माण कार्य संतोषजनक बताया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद अभियंताओं से निर्माण प्रक्रिया एवं गुणवत्ता नियंत्रण उपायों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इसी प्रकार खडगवा विकासखंड में रतनपुर मेन रोड से बैगापारा तक 6.20 किलोमीटर लंबी सड़क, पीडब्ल्यूडी रोड बोड़ेमुड़ा से गेलहाझरिया तक 2.00 किलोमीटर सड़क तथा बोड़ेमुड़ा से बैगापारा सलाईधार तक 3.00 किलोमीटर सड़क की भी विभागीय टीम ने गुणवत्ता जांच की। निरीक्षण के दौरान सड़कों की सतह, मजबूती एवं तकनीकी मानकों को संतोषजनक पाया गया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के लिए संबंधित एजेंसियों एवं अभियंताओं की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से विशेष रूप से अति पिछड़े एवं जनजातीय क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, जिससे ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, बाजार एवं रोजगार के अवसरों तक बेहतर पहुंच मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण सड़कें क्षेत्रीय विकास की आधारशिला होती हैं और इनके माध्यम से सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलती है।

अधिकारियों ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा भविष्य में भी नियमित निगरानी एवं गुणवत्ता परीक्षण जारी रहे। स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी सड़कों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इन सड़कों से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। विभागीय टीम ने आगामी निर्माण कार्यों में भी इसी प्रकार उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here