Home छत्तीसगढ़ तीन मजदूरों की मौत मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कोल्ड स्टोरेज...

तीन मजदूरों की मौत मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कोल्ड स्टोरेज संचालक के खिलाफ FIR दर्ज

0

सूरजपुर : औद्योगिक क्षेत्र नैनपुर स्थित मित्तल कोल्ड स्टोरेज एंड एग्रो प्रोडक्ट के राइस मिल में हुए दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने राइस मिल संचालक संदीप अग्रवाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 106 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

दरअसल, 13 दिसंबर को राइस मिल में बोरी में चावल भरने का काम चल रहा था। इसी दौरान मिल परिसर में बनी कमजोर और जर्जर पार्टीशन दीवार अचानक ढह गई, जिसके मलबे में दबकर वेद सिंह, भोजसाय और चुनगढ़ी गांव निवासी विपुल राजवाड़े की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल भी हुआ था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर एस. जयवर्धन और एसएसपी प्रशांत ठाकुर स्वयं मौके पर पहुंचे थे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रशासन और पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की गई।

जांच में यह तथ्य सामने आया कि कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन ने मजदूरों को किसी भी प्रकार के सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए थे। साथ ही मजदूरों से जर्जर दीवार के पास जान जोखिम में डालकर काम कराया जा रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

जांच रिपोर्ट के आधार पर अब कोतवाली पुलिस ने मिल संचालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि लापरवाही पाए जाने पर अन्य जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here