Home छत्तीसगढ़ भाजपा सरकार के संरक्षण में अफीम की खेती का आरोप : गृह...

भाजपा सरकार के संरक्षण में अफीम की खेती का आरोप : गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग

0

राधेश्याम सोनवानी गरियाबंद : प्रदेश में नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर गरियाबंद जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाये हैं। रविवार नगर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में एक फार्म हाउस के अंदर लगभग 10 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती किये जाने का खुलासा हुआ है। कांग्रेस का आरोप है कि यह खेती भाजपा से जुड़े नेता विनायक ताम्रकार के संरक्षण में करवाई जा रही थी।कांग्रेस नेताओं ने बताया कि विनायक ताम्रकार भाजपा के दुर्ग जिला किसान मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं तथा वर्तमान में भाजपा के राइस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प के प्रदेश संयोजक हैं। पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती है और कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ उनकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया में मौजूद हैं।

कांग्रेस का आरोप है कि बिना सरकारी संरक्षण के इतनी बड़े पैमाने पर अफीम की खेती संभव नहीं है। उनका कहना है कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में जुआ, सट्टा, शराब तस्करी और नशे के कारोबार में तेजी से वृद्धि हुई है। सत्ता में बैठे लोगों के संरक्षण के कारण यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है।

रविवार को नगर में आयोजित पत्रकार्रवार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखचंद बेसरा,रमेश शर्मा,नीरज ठाकुर, सन्नी मेमन,राजेश साहू,मेघनाथ बघेल,चमन साहू,जुनैद खान,चंद्रभूषण चौहान,अमित मिरी,सुरेश मानिकपुरी,रमेश मेश्राम, पंचराम,भूपेंद्र साहू,गणेश राम नेताम,सुभाष, अब्दुल कादर हिंगोरा आदि कांग्रेस नेताओं ने इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुये प्रदेश के गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग की है। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ में नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है और युवाओं को इसकी गिरफ्त में धकेला जा रहा है।

कांग्रेस का यह भी आरोप है कि शहरों के आउटर क्षेत्रों में संचालित कई कैफे युवाओं को नशा उपलब्ध कराने के केंद्र बन चुके हैं और पुलिस इस पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय मौन बनी हुई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनकी सरकार के समय हुक्का बार बंद कराये गये थे और सूखे नशे के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाई गई थी, लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद एक बार फिर नशे का अवैध कारोबार बढ़ गया है।
कांग्रेस ने कहा कि पिछले दो वर्षों में शराब, गांजा, अफीम और हेरोइन जैसे नशे के कारण प्रदेश की युवा पीढ़ी में नशे की लत तेजी से बढ़ी है, जो अब महामारी का रूप लेती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चंद पैसों के लालच में सत्ताधारी लोग नशे के कारोबार को रोकने के बजाय संरक्षण दे रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here