
दंतेवाड़ा किरंदुल (छत्तीसगढ़): एनएमडीसी लिमिटेड की बैलाडीला आयरन ओर माइन (बीआईओएम) किरंदुल परियोजना की महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को उत्साहपूर्ण ढंग से मनाया। कार्यक्रम प्रशिक्षण संस्थान के ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ आयोजित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत बीआईओपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। मुख्य अतिथि रवीन्द्र नारायण (अधिशासी निदेशक, किरंदुल परियोजना) एवं विशिष्ट अतिथियों—के.एल. नागवेणी (उप महाप्रबंधक, मानव संसाधन), डॉ. मनीषा लाल (मुख्य चिकित्सा अधिकारी), एस. गुहा (उप महाप्रबंधक, वित्त), राजेश संधू (सचिव, एसकेएम संघ), ए.के. सिंह (सचिव, एमएमडब्ल्यू यूनियन) एवं अन्य यूनियन पदाधिकारियों ने शिरकत की। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर हार्दिक स्वागत किया गया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम आरंभ हुआ। अतिथियों ने अपने संबोधन में महिलाओं के सम्मान, समानता एवं समाज में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि यह दिन नारी शक्ति, संघर्ष और उपलब्धियों को सलाम करने का अवसर है। यह महिलाओं के सशक्तिकरण, समानता को बढ़ावा देने तथा समाज में सम्मानजनक स्थान सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करता है।कार्यक्रम के दौरान हाल ही में आयोजित महिला क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता एवं उप-विजेता टीमों को मुख्य अतिथि द्वारा ट्रॉफी एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को प्रोत्साहन स्वरूप गिफ्ट कूपन भेंट किए गए।
महिलाओं ने घरेलू स्वादिष्ट व्यंजनों, कलात्मक सलाद सजावट एवं फूलों की प्रदर्शनी लगाकर आयोजन में चार चांद लगा दिए, जिनका सभी ने आनंद लिया।कार्यक्रम का सुंदर संचालन अनुपमा भद्र (वरिष्ठ शिक्षिका) ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कुणामी हंसदा (सहायक प्रबंधक, मानव संसाधन) द्वारा किया गया।
यह आयोजन एनएमडीसी किरंदुल परियोजना में महिलाओं की प्रतिभा, नेतृत्व और योगदान को रेखांकित करने वाला यादगार कार्यक्रम साबित हुआ।



