
कोरिया : जिले में आने वाली गर्मी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को लेकर चिंता जताई जा रही है। बैकुंठपुर नगर पालिका क्षेत्र में पानी सप्लाई के लिये उपयोग किये जा रहे कई टैंकर जर्जर और टूटे-फूटे हालत में हैं। इन टैंकरों से पानी वितरण के दौरान काफी मात्रा में पानी रास्ते में ही बहकर बर्बाद हो जाता है जिससे लोगों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता। इसी समस्या को लेकर समाजसेवी अनुराग दुबे ने बैकुंठपुर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिन टैंकरों से पानी सप्लाई की जा रही है उनमें कई जगह से रिसाव हो रहा है जिसके कारण आधा पानी सड़क पर ही बह जाता है। ऐसे में गर्मी के मौसम में जल संकट और बढ़ सकता है।
समाजसेवी अनुराग दुबे ने इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि गर्मी शुरू होने से पहले ही सभी खराब और टूटे-फूटे टैंकरों की मरम्मत करवाई जाये ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और लोगों को सुचारु रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने आश्वासन दिया कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए समय रहते टैंकरों की मरम्मत कराई जायेगी ताकि गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की परेशानी ना हो।



